‘आयुर स्वादोत्सव’ को मिला जबरदस्त प्रतिसाद : 32 हजार से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा, 517 आयुर्वेदिक उत्पादों की प्रदर्शनी

जामनगर। गुजरात के जामनगर स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ टीचिंग एंड रिसर्च इन आयुर्वेद (ITRA) द्वारा आयोजित दो दिवसीय ‘आयुर स्वादोत्सव’ को लोगों का जबरदस्त प्रतिसाद मिला। इस विशेष आयोजन में लगभग 32 हजार से अधिक लोगों ने भाग लेते हुए आयुर्वेद आधारित स्वास्थ्यवर्धक खाद्य पदार्थों और उत्पादों का अनुभव किया।

स्टार्टअप विद्यार्थियों ने दिखाया नवाचार : कार्यक्रम के दौरान 152 से अधिक स्टार्टअप से जुड़े विद्यार्थियों ने अपने नवाचारों का प्रदर्शन किया। इस दौरान 517 से अधिक आयुर्वेदिक उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री की व्यवस्था की गई, जिन्हें आगंतुकों ने काफी सराहा और उत्साहपूर्वक खरीदा।

आयुर्वेदिक व्यंजनों का मिला अनूठा स्वाद : उत्सव में आयुर्वेद के सिद्धांतों पर आधारित 150 से अधिक प्रकार के स्वास्थ्यवर्धक व्यंजन प्रस्तुत किए गए। इनमें लाइव फूड, पैकेज्ड फूड और अन्य खाद्य उत्पाद शामिल थे। केक, इडली, भजिया और नूडल्स जैसे लोकप्रिय व्यंजन आयुर्वेदिक तरीके से तैयार किए गए, जो लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बने। आगंतुकों ने इन व्यंजनों का स्वाद लेते हुए स्वास्थ्य और स्वाद के अनूठे संगम का अनुभव किया।

आयुर्वेदिक कॉस्मेटिक उत्पादों ने भी खींचा ध्यान : कार्यक्रम में विभिन्न आयुर्वेदिक कॉस्मेटिक उत्पादों का भी प्रदर्शन किया गया। इनमें तुलसी बाम, पेन रिलीफ लिक्विड बाम, हर्बल साबुन, शैम्पू, शरीर और सिर पर लगाने वाले औषधीय तेल सहित कई उत्पाद शामिल थे, जिन्हें लोगों ने खासा पसंद किया।

आत्मनिर्भर भारत और स्टार्टअप को मिला प्रोत्साहन : इस आयोजन के माध्यम से वोकल फॉर लोकल, मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और स्किल इंडिया जैसी पहल को भी बढ़ावा दिया गया। विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को लोगों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली और बड़ी संख्या में उनकी खरीदारी भी की गई।

शिक्षा के साथ उद्यमिता पर जोर : ITRA की निदेशक प्रोफेसर तनुजा नेसरी ने कहा कि ‘आयुर स्वादोत्सव’ नई प्रतिभाओं को मंच देने और आयुर्वेद आधारित जीवनशैली को बढ़ावा देने का सफल प्रयास है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ युवाओं को समाज सेवा और उद्यमिता के लिए भी तैयार करना जरूरी है, ताकि वे अपने ज्ञान का उपयोग समाज के हित में कर सकें।

पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियों की जानकारी : कार्यक्रम के दौरान विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के सहयोग से जामनगर में स्थापित ग्लोबल ट्रेडिशनल मेडिसिन सेंटर (GTMC) से जुड़ी विभिन्न पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियों की भी जानकारी दी गई। आगंतुकों ने दुनिया के विभिन्न देशों में प्रचलित पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के बारे में रुचि के साथ जानकारी प्राप्त की।

दो दिवसीय इस आयोजन ने आयुर्वेद, स्वस्थ जीवनशैली और स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter