दतिया। जिले के इंदरगढ़ क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर डकैती की साजिश रच रहे बदमाशों को पुलिस ने समय रहते पकड़ लिया। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई की, जिसमें चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से हथियार, एक कार और एक बाइक भी बरामद की है।
इंदरगढ़ थाना प्रभारी गौरव शर्मा के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग दतिया–सेवढ़ा रोड स्थित राजघाट कॉलोनी टंकी के पास एकत्र होकर किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद बदमाश भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर चार लोगों को पकड़ लिया। इस दौरान एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस ने पकड़े गए आरोपितों की पहचान प्रदीप राठौर (पुत्र अमर सिंह राठौर) निवासी हरनाथपुरा थाना देहात जिला भिंड, आकाश उर्फ जीतेंद्र राठौर (पुत्र राकेश राठौर), अनूप राठौर (पुत्र मनोज राठौर) निवासी मछंड थाना रौन जिला भिंड और बलदाऊ यादव (पुत्र अरविंद यादव) निवासी रुबाहा थाना भगुवापुरा जिला दतिया के रूप में की है।
तलाशी के दौरान पुलिस को प्रदीप, आकाश और अनूप के पास से 315 बोर के तीन देसी कट्टे और जिंदा कारतूस बरामद हुए, जबकि बलदाऊ यादव के पास से एक कुल्हाड़ी जब्त की गई। इसके अलावा मौके से एक सुजुकी कार, एक अपाचे बाइक, लोहे का सब्बल और चार मोबाइल फोन भी पुलिस ने बरामद किए हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपितों ने बताया कि उनका साथी सोनू शाक्य मौके से फरार हो गया है और सभी मिलकर इंदरगढ़ के एक पेट्रोल पंप पर डकैती की योजना बना रहे थे। आरोपितों ने यह भी स्वीकार किया कि वे पहले भी इंदरगढ़, सेवढ़ा और पंडोखर क्षेत्र में चोरी की कई वारदातों में शामिल रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। साथ ही गिरफ्तार बदमाशों से पूछताछ कर क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की घटनाओं के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

