आधी रात प्राचार्य के घर में घुसे चोर : बुजुर्ग महिला पर हमला कर बदमाशों ने की लूट, जेवर और नकदी लेकर हुए फरार; गांव में दहशत

दतिया। जिले के धीरपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम बेहरुका में शनिवार देर रात लूट की वारदात सामने आई। बदमाशों ने गांव में स्थित एक घर में घुसकर वहां अकेली रह रही बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट की और जेवरात व नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

बताया जा रहा है कि यह घर सरकारी हाईस्कूल क्रमांक-2 दतिया के प्राचार्य रामेश्वर दीक्षित का है। उनकी करीब 80 वर्षीय मां भूरीबाई इन दिनों गांव में रहकर खेत की देखरेख कर रही थीं और घटना के समय घर में अकेली थीं।


दरवाजा उखाड़कर घर में घुसे बदमाश :  जानकारी के अनुसार रात करीब दो बजे कुछ बदमाश घर के बाहर पहुंचे और मुख्य गेट के किवाड़ हटाकर अंदर घुस गए। इसके बाद वे सीधे उस कमरे तक पहुंच गए जहां वृद्ध महिला सो रही थीं।


विरोध करने पर की मारपीट : आरोप है कि बदमाशों ने महिला को धमकाते हुए घर में रखे कीमती सामान के बारे में पूछा। जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट कर दी। हमले में महिला के चेहरे पर चोट आई और उनका एक दांत भी टूट गया।


जेवर, मोबाइल और नकदी लेकर भागे : मारपीट के बाद बदमाश महिला के पास मौजूद सोने के कान के फूल, मंगलसूत्र, चूड़ियां, पायल, मोबाइल फोन और लगभग 5 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।


पुलिस ने शुरू की तलाश : घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर धीरपुरा थाना पुलिस भी गांव पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस के मुताबिक मामले में शिवम चौबे और दीपक शर्मा नामक युवकों पर संदेह जताया गया है और उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।


पुलिस का बयान : थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह जाट ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जाएगी।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter