देर रात विवाह वाटिका में आग का कहर : चार जनरेटर जलकर खाक, करीब 17 लाख का नुकसान; इलाके की बिजली सप्लाई भी ठप

भांडेर : नगर की एक विवाह वाटिका में बीती रात अचानक लगी भीषण आग ने भारी नुकसान पहुंचाया। घटना 15-16 मार्च की दरम्यानी रात की बताई जा रही है, जब वाटिका परिसर पूरी तरह खाली था और कोई आयोजन भी नहीं चल रहा था। ऐसे में आग का देर तक किसी को पता नहीं चल सका।

जानकारी के मुताबिक, रात करीब ढाई बजे के बाद पास में रहने वाले एक व्यक्ति ने वाटिका के अंदर धुआं और आग की लपटें देखीं। उसने तुरंत संचालक को फोन कर सूचना दी। सूचना मिलते ही संचालक और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और स्थानीय स्तर पर आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, वरना नुकसान और बढ़ सकता था।

इस हादसे में वाटिका में रखे चार जनरेटर सहित अन्य उपकरण जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए। प्रारंभिक आकलन के अनुसार करीब 17 लाख रुपये से अधिक की क्षति बताई जा रही है। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास लगे बिजली मीटर और ट्रांसफॉर्मर के उपकरण भी प्रभावित हुए, जिससे क्षेत्र की बिजली सप्लाई कुछ समय के लिए बाधित रही।

मौके पर पहुंचे राजस्व अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर आग लगी, वह सीसीटीवी कैमरों की निगरानी से बाहर था, जिससे जांच में कठिनाई आ रही है।

प्रशासन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्र की सभी विवाह वाटिकाओं में सुरक्षा इंतजामों की जांच के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य किया जाएगा।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter