दतिया : बुंदेलखंड एक्सप्रेस के जनरल कोच में बुधवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां महिला यात्रियों की सतर्कता से मोबाइल लूट की कोशिश नाकाम हो गई। हालांकि पकड़ा गया आरोपी झांसी आउटर के पास मौका पाकर ट्रेन से कूदकर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, मुरैना जिले की करीब 12 महिलाओं का एक समूह ग्वालियर से वाराणसी की यात्रा पर निकला था। सभी महिलाएं जनरल कोच में सफर कर रही थीं और आपस में भजन-कीर्तन करते हुए यात्रा कर रही थीं। इसी दौरान डबरा स्टेशन से एक संदिग्ध युवक कोच में चढ़ा और दरवाजे के पास खड़ा हो गया।
दतिया स्टेशन पार करते ही ट्रेन की रफ्तार धीमी हुई, तभी एक महिला यात्री फोन पर बात करते हुए शौचालय की ओर जा रही थी। इसी मौके का फायदा उठाकर युवक ने झपट्टा मारकर मोबाइल छीन लिया और भागने की कोशिश की। लेकिन महिला ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी के बाल पकड़ लिए और शोर मचा दिया।
शोर सुनते ही अन्य महिला यात्री भी मौके पर पहुंचीं और आरोपी को पकड़कर कोच के अंदर ले आईं। इसके बाद यात्रियों ने उसे काबू में रखते हुए दतिया से झांसी तक उसकी जमकर पिटाई की। इस दौरान आरोपी बार-बार माफी मांगता रहा, यहां तक कि उसने दोबारा अपराध न करने की कसम भी खाई।
आउटर पर दिया धक्का, कूदकर भागा आरोपी
झांसी पहुंचने से पहले ट्रेन जैसे ही आउटर पर धीमी हुई, आरोपी ने अचानक महिलाओं को धक्का दिया और ट्रेन से कूदकर फरार हो गया। महिलाओं के हाथ में उसके कुछ बाल ही रह गए।
ट्रेन के झांसी स्टेशन पहुंचने के बाद पीड़ित महिलाओं ने घटना की सूचना रेलवे पुलिस को दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में छानबीन की जा रही है।

