युवक पर फायरिंग : बाइक सवार बदमाशों ने रास्ते में घेरकर चलाई गोलियां, बाल-बाल बचा युवक CCTV में कैद हुए हमलावर, पुलिस जांच में जुटी

दतिया  : जिले के धीरपुरा सिलोरी निवासी 28 वर्षीय यशविंदर सिंह रावत पर देर रात फायरिंग की घटना सामने आई है। यशविंदर, जो एक कार गैराज संचालक हैं, वर्तमान में शिवपुरी लिंक रोड स्थित महादजी नगर में रह रहे हैं। बताया गया कि रात करीब 9:30 बजे वह अपना काम खत्म कर स्कूटी से घर लौट रहे थे। उनके साथ पीछे उनके दोस्त अरविंद उर्फ गोविंदा सोनी बैठे थे।


ओवरटेक कर बदमाशों ने चलाई गोलियां : परम आशीष कॉलोनी के पास पहुंचते ही काले रंग की बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाशों ने पहले उनकी स्कूटी को ओवरटेक किया और फिर बराबरी में आकर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों ने तीन राउंड फायर किए, जिनमें से एक मिस हो गया, जबकि दो गोलियां यशविंदर के कंधे और सिर को छूते हुए निकल गईं। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।


घायल को दोस्त ने पहुंचाया अस्पताल : घटना के तुरंत बाद यशविंदर के दोस्त अरविंद ने उन्हें पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। साथ ही पुलिस को भी सूचना दी गई। शुरुआत में पुलिस ने मामले को संदिग्ध माना, लेकिन जांच के दौरान मिले सबूतों के आधार पर फायरिंग की पुष्टि हुई।


CCTV फुटेज में दिखे संदिग्ध : पुलिस ने घटना स्थल से लेकर गैराज तक के पूरे रूट पर लगे CCTV कैमरों की जांच की। फुटेज में बाइक सवार संदिग्ध कई जगह पीछा करते और ओवरटेक करते नजर आए हैं, जिससे घटना की पुष्टि हुई है।


पुलिस ने दर्ज किया मामला : मध्य प्रदेश पुलिस के अनुसार, घायल के बयान के आधार पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। कंपू थाना प्रभारी अमर सिंह सिकरवार ने बताया कि आरोपियों की पहचान CCTV फुटेज के आधार पर की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।


इलाके में दहशत का माहौल : इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। खुलेआम हुई फायरिंग ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब हमलावरों के मकसद और आपसी रंजिश के एंगल से भी जांच कर रही है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter