खाद्य विभाग की छापेमार कार्रवाई : मिष्ठान भंडार और आइसक्रीम फैक्ट्री से लिए नमूने, जांच के लिए भोपाल भेजे

दतिया   : शहर में खाद्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन एक्शन मोड में नजर आया। बुधवार को खाद्य एवं औषधि विभाग की टीम ने शहर के विभिन्न मिष्ठान भंडारों, प्रसाद दुकानों और आइसक्रीम फैक्ट्रियों पर छापेमार कार्रवाई करते हुए कई खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए। इस दौरान पीतांबरा पीठ, राजगढ़ चौराहा और उत्तरी गेट क्षेत्र के प्रतिष्ठानों का विशेष रूप से निरीक्षण किया गया।

कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य दूध एवं दुग्ध उत्पादों में मिलावट पर रोक लगाना और आम उपभोक्ताओं को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। विभाग द्वारा लिए गए सभी नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है, जहां उनकी गुणवत्ता की जांच की जाएगी।


मिष्ठान भंडारों से लड्डू-पेड़ा के नमूने : निरीक्षण के दौरान पंडित प्रसाद भंडार में प्रोपराइटर धीरज कुमार शर्मा की उपस्थिति में बेसन के लड्डू और पेड़ा के नमूने लिए गए। इसके अलावा बगलामुखी प्रसाद भंडार, पीतांबरा पीठ के पास, प्रोपराइटर कपिल देव साहू की मौजूदगी में भी पेड़ा और बेसन लड्डू के सैंपल संग्रहित किए गए।


आइसक्रीम फैक्ट्रियों पर भी कार्रवाई : इसी क्रम में श्रीकृष्णा आइस फैक्ट्री, दांतरे नरिया रिछरा फाटक पर निरीक्षण करते हुए कुल्फी और आइसक्रीम के नमूने लिए गए। वहीं शिव आइसक्रीम, दांतरे नरिया में भी प्रोपराइटर मुरारी लाल साहू की मौजूदगी में आइसक्रीम, कैंडी और कुल्फी के साथ-साथ निर्माण में उपयोग किए जा रहे स्किम्ड मिल्क पाउडर, खाद्य रंग और शक्कर के नमूने भी एकत्र किए गए।


रिपोर्ट के बाद होगी सख्त कार्रवाई : खाद्य विभाग के अनुसार सभी नमूनों को जांच के लिए भोपाल स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी प्रकार की मिलावट या गुणवत्ता में कमी पाई जाती है, तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


मिलावट के खिलाफ विशेष अभियान जारी : खाद्य सुरक्षा अधिकारी आनंद शर्मा ने बताया कि शासन के निर्देश पर दूध एवं दुग्ध उत्पादों में मिलावट रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter