भोपाल। प्रदेश के हजारों विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। उच्च शिक्षा विभाग ने स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश नवीनीकरण (Admission Renewal) के लिए विशेष अवसर प्रदान करते हुए पोर्टल को 28 मार्च 2026 तक फिर से सक्रिय कर दिया है। यह निर्णय उन छात्रों के हित में लिया गया है, जो पूरक परीक्षा परिणाम देर से आने के कारण तय समय सीमा में अपनी प्रवेश प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए थे।
उच्च शिक्षा विभाग का कहना है कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक निरंतरता बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है, इसलिए यह अतिरिक्त समय दिया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्नातक (द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ वर्ष) तथा स्नातकोत्तर (तृतीय सेमेस्टर) के परीक्षार्थी इस अवधि का लाभ उठाकर अनिवार्य रूप से अपना प्रवेश नवीनीकरण पूर्ण कर लें।
किन छात्रों को मिलेगा लाभ : विशेष कर्त्तव्यस्थ अधिकारी डॉ दिवा मिश्रा के अनुसार, यह सुविधा खास तौर पर उन विद्यार्थियों के लिए है जो पूरक परीक्षा के परिणाम घोषित होने में देरी के कारण प्रवेश नवीनीकरण की अंतिम तिथि चूक गए थे। अब ऐसे छात्र बिना किसी बाधा के अपनी प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।
कॉलेजों को दिए गए निर्देश : उच्च शिक्षा विभाग ने प्रदेश के सभी शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देशित किया है कि वे अपने संस्थानों में शेष पात्र विद्यार्थियों की पहचान कर उनका प्रवेश नवीनीकरण समय सीमा के भीतर सुनिश्चित करें। साथ ही, संबंधित छात्रों से शुल्क जमा करवाने की प्रक्रिया भी समय पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं।
समय सीमा का रखें विशेष ध्यान : विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह सुविधा सीमित समय के लिए ही उपलब्ध है। यदि विद्यार्थी 28 मार्च तक अपना प्रवेश नवीनीकरण नहीं कराते हैं, तो उनकी शैक्षणिक प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। ऐसे में सभी छात्रों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि से पहले अपनी औपचारिकताएं पूरी कर लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

