माता के दर्शन को जा रहे परिवार की बाइक को ट्रैक्टर ने मारी टक्कर : बेटे की मौत; माता-पिता गंभीर घायल !

दतिया |  दतिया-भांडेर मार्ग पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। यह परिवार ध्वार माता के दर्शन करने जा रहा था। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर उछलकर दूर जा गिरे, जिसमें 18 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, दतिया के सिद्धार्थ कॉलोनी निवासी राकेश अहिरवार अपनी पत्नी भारती और बेटे संदीप अहिरवार के साथ बाइक से ध्वार माता के दर्शन के लिए भांडेर जा रहे थे। इसी दौरान भांडेर थाना क्षेत्र के शाहपुर के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने संदीप अहिरवार को मृत घोषित कर दिया। वहीं राकेश अहिरवार की हालत गंभीर होने पर उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया है, जबकि उनकी पत्नी भारती का इलाज दतिया जिला अस्पताल में जारी है।

बताया जा रहा है कि यह परिवार मूल रूप से शिवपुरी जिले के ग्राम राजपुरदयाल का रहने वाला है, जो वर्तमान में दतिया के सिद्धार्थ कॉलोनी में निवास कर रहा था।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस ट्रैक्टर और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!