दतिया : जिले के पण्डोखर ग्राम में 30वें वार्षिक पण्डोखर धाम महोत्सव एवं श्रीराम महायज्ञ का भव्य आयोजन 2 अप्रैल से प्रारंभ होने जा रहा है। यह महोत्सव 22 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें देश-विदेश से हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। पण्डोखर धाम, जो अपनी आध्यात्मिक आस्था और धार्मिक आयोजनों के लिए प्रसिद्ध है, एक बार फिर भक्ति और संस्कृति के रंग में रंगने को तैयार है।
इस महोत्सव का आयोजन संत गुरुशरण महाराज के सान्निध्य में किया जा रहा है। आयोजन समिति के अनुसार, इस वर्ष महोत्सव को और अधिक भव्य और आकर्षक बनाने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभव के साथ-साथ सांस्कृतिक विविधता का भी आनंद मिल सके।
मंगल कलश यात्रा से होगा शुभारंभ : महोत्सव की शुरुआत 2 अप्रैल को सायंकाल 4 बजे भव्य मंगल कलश यात्रा के साथ होगी। यह यात्रा पण्डोखर धाम आश्रम से प्रारंभ होकर पुष्पावती नदी के तट तक पहुंचेगी। यात्रा में बैंड-बाजे, अखाड़े, डमरू दल, रथों पर सजीव झांकियां और हजारों श्रद्धालुओं की भागीदारी इसे विशेष बनाएगी।
नदी तट पर विधि-विधान से पूजन के बाद कलश भरकर महिलाएं उन्हें सिर पर धारण कर गांव में भ्रमण करते हुए यज्ञ स्थल तक पहुंचेंगी। इस दौरान पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिलेगा।
गंगा आरती और विशेष आकर्षण : कलश यात्रा के दौरान सायं 6 बजे पुष्पावती नदी के तट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें काशी और प्रयागराज से आए विद्वान पंडितों द्वारा सामूहिक आरती की जाएगी, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
इस वर्ष की कलश यात्रा में बुंदेलखंड की पारंपरिक झलक भी देखने को मिलेगी। अखाड़ों द्वारा शस्त्रकला प्रदर्शन, लेज़िम वादन, डमरू दल के साथ भक्ति नृत्य और श्रीराम-लक्ष्मण-सीता-हनुमान, राधा-कृष्ण एवं माता महाकाली की सजीव झांकियां श्रद्धालुओं को आकर्षित करेंगी।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी रहेगी धूम : कलश यात्रा के उपरांत सांस्कृतिक मंच पर बुंदेलखंड की प्रसिद्ध जवाबी कीर्तन शैली का आयोजन होगा, जिसमें विभिन्न कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके साथ ही महोत्सव के दौरान प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान, भजन, कीर्तन और लोकसंस्कृति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
तैयारियां जोरों पर, ट्रस्ट ने दी जानकारी : पण्डोखर धाम ट्रस्ट के संस्थापक व सचिव मुकेश कुमार गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि सनातन संस्कृति के उत्सव के रूप में मनाए जाने वाले 30वें पण्डोखर धाम महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से प्रारंभ हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि इस बार महोत्सव को और अधिक भव्य और सुव्यवस्थित रूप देने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
दुकानदारों के लिए विशेष सुविधाएं : मुकेश कुमार गुप्ता ने यह भी बताया कि पण्डोखर धाम महोत्सव मेले में आने वाले दुकानदारों को जगह, बिजली, पानी और भोजन की व्यवस्था निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। इससे छोटे व्यापारियों को प्रोत्साहन मिलेगा और मेले में अधिक संख्या में दुकानें लगने से श्रद्धालुओं को भी बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।
श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील : आयोजन समिति एवं पण्डोखर धाम ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने अधिक से अधिक संख्या में श्रद्धालुओं से इस महोत्सव में भाग लेने और पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है। वहीं ग्राम पंचायत द्वारा भी शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के स्वागत की विशेष व्यवस्था की जा रही है।
यह महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि क्षेत्रीय संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का भी भव्य उदाहरण प्रस्तुत करेगा।

