दतिया (सोनागिर) : जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सोनागिर जैन तीर्थ में सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी चूक सामने आई है। यहां अज्ञात चोरों ने मंदिर से करीब 10.5 किलो वजनी चांदी की प्रतिमा, सिंहासन और दानपेटी से नगदी पर हाथ साफ कर दिया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि यह पूरी वारदात मंदिर परिसर में स्थित पुलिस चौकी के सामने ही अंजाम दी गई, जिससे सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
घटना की जानकारी उस समय लगी जब सुबह मंदिर के पुजारी रोजाना की तरह पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। मंदिर के मुख्य द्वार की कुंडी टूटी मिली और अंदर सामान अस्त-व्यस्त था। सूचना मिलते ही जैन समाज के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और घटना को लेकर आक्रोश जताया। लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी चोरी बिना किसी लापरवाही के संभव नहीं है।
मामले में यह बात भी सामने आई कि ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों की गंभीर लापरवाही रही। बताया जा रहा है कि चौकी में तैनात एक जवान घटना के समय कमरे में सोता मिला, जबकि अन्य जवान मौके पर मौजूद नहीं थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने आराम से वारदात को अंजाम दिया।
पहले भी हो चुकी है घटना : जैन समाज के पदाधिकारियों के अनुसार, वर्ष 2023 में भी इसी मंदिर में लूट की बड़ी घटना हो चुकी है, जिसमें चौकीदार पर हमला कर बदमाशों ने नगदी और सामान लूट लिया था। उस घटना के बाद सुरक्षा के लिए पुलिस चौकी स्थापित की गई थी, लेकिन इसके बावजूद ऐसी वारदात होना व्यवस्था पर सवाल उठाता है।
पुलिस और प्रशासन हरकत में : घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मंदिर परिसर से फिंगरप्रिंट सहित अन्य साक्ष्य जुटाए गए हैं। शाम को पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया। लापरवाही के आरोप में संबंधित पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की गई है।
समाज में आक्रोश, सुरक्षा बढ़ाने की मांग : घटना के बाद जैन समाज में भारी आक्रोश है। समाज के लोगों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है। उनका कहना है कि आस्था के केंद्रों पर इस तरह की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं और प्रशासन को इस दिशा में सख्त कदम उठाने चाहिए।

