दतिया | पंडोखर धाम में आयोजित 30वें महोत्सव एवं श्रीराम महायज्ञ के दौरान केंद्रीय मंत्री एस.पी. सिंह बघेल ने पहुंचकर धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता की और धाम के पीठाधीश्वर गुरुशरण महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने सनातन संस्कृति की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन भारतीय परंपराओं, आध्यात्म और जीवन मूल्यों को सशक्त बनाने का कार्य कर रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री बघेल ने धाम में बालाजी पंडोखर सरकार के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा यज्ञशाला में पहुंचकर परिक्रमा की। इसके बाद उन्होंने मेला क्षेत्र का भ्रमण किया और श्रद्धा मंच से भक्तों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पश्चिमी संस्कृति तेजी से भारतीय समाज में प्रवेश कर रही है, ऐसे में इस प्रकार के आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक व्यक्ति अधिक संवेदनशील होता है और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में उसकी भूमिका अहम होती है।
मंत्री बघेल ने यह भी कहा कि सनातन धर्म को इतिहास में कई बार कमजोर करने के प्रयास हुए, लेकिन संतों और आचार्यों ने इसे जीवित रखा और आज भी यह निरंतर फल-फूल रहा है। उन्होंने पंडोखर धाम में आयोजित कार्यक्रमों की सराहना करते हुए इसे समाज में एकता, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने वाला बताया।
सुदामा चरित्र के साथ भागवत कथा का समापन : महोत्सव के अंतर्गत आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का समापन सुदामा चरित्र प्रसंग के साथ हुआ। कथा वाचक पंडित विनोद शास्त्री ने सुदामा और कृष्ण की मित्रता का भावपूर्ण वर्णन करते हुए बताया कि सच्ची भक्ति और निस्वार्थ प्रेम से ईश्वर प्रसन्न होते हैं। उन्होंने कहा कि भगवान केवल श्रद्धा और समर्पण के भूखे होते हैं, और यही सुदामा चरित्र का मुख्य संदेश है।
अब हनुमत प्रसंग कथा का होगा आगाज़ : भागवत कथा के समापन के बाद शुक्रवार 10 अप्रैल से हनुमत प्रसंग कथा का आयोजन प्रारंभ होगा, जिसमें पंडित बृजराज अभिषेक वशिष्ठ द्वारा हनुमान जी के जीवन प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा।
बुंदेली राई गायन ने बांधा समां : बुधवार रात सांस्कृतिक मंच पर बुंदेली राई गायन का आयोजन किया गया, जिसमें जित्तू खरे एंड ग्रुप ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को खूब हंसाया और झूमने पर मजबूर कर दिया। कलाकारों की प्रस्तुति पर पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
अब भजन संध्या का आयोजन : महोत्सव के अंतर्गत शुक्रवार 10 अप्रैल को भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें दिल्ली से आए हमसर हयात एंड ग्रुप भजनों की प्रस्तुति देंगे।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों, धाम के सेवकों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही, जिससे पूरा पंडोखर धाम आस्था और भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

