बदमाशों ने बैंक कर्मचारी का कट्टा अड़ाकर किया अपहरण : घटना की खबर लगते ही पुलिस ने दिखाई तत्परता, अपहृत को कराया मुक्त

Datia news : दतिया। बदमाशों ने कट्टे की नोंक पर बैंक के वसूली कर्मचारी का शुक्रवार को अपहरण कर लिया। वह उसे उठाकर बोलेरो से ले जा रहे थे। गनीमत यह रही कि इस बात की खबर कोतवाली पुलिस को लग गई। जिसके बाद बदमाशों को पकड़ लिया गया। साथ ही अपहृत कर्मचारी भी सुरक्षित छूट गया।

इस दौरान पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से हथियार और वह वाहन जब्त कर लिया है, जिसका उपयोग अपहरण में किया गया था। पुलिस के मुताबिक यह वहीं बदमाश हैं, जिन्होंने गुरुवार नौ अप्रैल को शहर के पंडा की नरिया में कट्टे से हवाई फायर कर वहां दहशत फैलाई थी। इनकी पहचान सीसीटीवी कैमरे के फुटेज से की गई है।

कोतवाली टीआइ धीरेंद्र मिश्रा ने बताया कि नौ अप्रैल की दोपहर करीब तीन बजे कर्मचारी विजय रावत निवासी पाली पमारी थाना बड़ौनी, ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

जिसमें उसने बताया कि वह जब कंप्यूटर की दुकान पर बैठा था तभी आरोपित बंटी उर्फ हमीद खां, छोटू उर्फ प्रतिपाल रायकवार, राजपाल मांझी और जितेंद्र कोरी वहां आए।

उक्त लोगों ने पहले उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोपितों ने वहां रखा कम्प्यूटर, सीपीयू और लैपटाप भी तोड़ दिया। इसके बाद जबरन उसे बोलेरो वाहन में बैठाकर अपहरण कर ले गए और रास्ते में उसके कान के पास कट्टा अड़ा दिया।

किश्त की बाइक उठा ले जाने पर हुआ विवाद : प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपित छोटू रायकवार के रिश्तेदार बद्री ने बाइक कंपनी से एक बाइक किश्तों पर उठाई थी।

किश्तों का भुगतान समय पर नहीं होने पर कंपनी ने बाइक जब्त कर ली थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपितों ने इस वारदात को अंजाम दिया। मामले में थाना कोतवाली में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

टीआइ मिश्रा ने पुलिस टीम के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित छोटू उर्फ प्रतिपाल मांझी निवासी भाण्डेरी फाटक और हमीद उर्फ बंटी खां रानीपुरा, पण्डा की नरिया को घटना के कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया है। आरोपित छोटू के कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है। घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter