मोबाइल हैक कर UPI से उड़ाए ₹1.90 लाख : दतिया में साइबर ठगी का मामला, जांच शुरू

दतिया : शहर में साइबर अपराध का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां अज्ञात ठगों ने एक युवक के मोबाइल को निशाना बनाते हुए यूपीआई के माध्यम से करीब 1.90 लाख रुपये की ठगी कर ली। यह पूरी वारदात दो दिनों के भीतर अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए अंजाम दी गई।

पीड़ित को घटना की जानकारी तब हुई, जब उसने अपने खाते का बैलेंस चेक किया। खाते में बहुत कम राशि बची देख उसने ट्रांजैक्शन हिस्ट्री देखी, जिसमें दो संदिग्ध लेनदेन सामने आए। इसके बाद उसने तुरंत बैंक से संपर्क किया और मामले की शिकायत दर्ज कराई।

दो दिन में खाली किया खाता : मिली जानकारी के अनुसार, ठगों ने 22 और 23 मार्च को दो बार में रकम ट्रांसफर की। पहली बार लगभग 96 हजार रुपये, जबकि दूसरी बार करीब 94 हजार रुपये खाते से निकाले गए। ये ट्रांजैक्शन अलग-अलग यूपीआई आईडी पर किए गए, जिनसे कुल मिलाकर लगभग 1.90 लाख रुपये की राशि साफ हो गई।

मोबाइल हैकिंग की आशंका : बैंक से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह पूरा लेनदेन पीड़ित के यूपीआई अकाउंट के माध्यम से ही हुआ है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि ठगों ने किसी तरीके से मोबाइल एक्सेस हासिल कर अकाउंट का दुरुपयोग किया। फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हैकिंग किस माध्यम से की गई।

साइबर सेल ने शुरू की जांच : मामले की शिकायत मिलने के बाद साइबर सेल ने जीरो एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तकनीकी पहलुओं की जांच के साथ-साथ संबंधित यूपीआई आईडी और खातों की भी पड़ताल की जा रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter