Datia News : दतिया । गांव में पानी न देने के विवाद में दबंगों ने पहले किसान पर हमला कर दिया। उसे घायल अवस्था में घर के लोग अस्पताल लेकर पहुंचे तो वहां भी हमलावार थार में सवार होकर आ धमके। इस दौरान उन्होंने जमकर उत्पात मचाया। साथ ही अटेंडरों को पीट डाला।
जानकारी के अनुसार ग्राम उपरांय में विवाद में 60 वर्षीय किसान राम हुजूर पाल पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया गया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामले में भज्जू पाल, नीरज पाल, बलवान पाल और अरविंद पाल के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
इसी बीच मामला और तूल पकड़ गया, जब घायल किसान का इलाज चल रहा था। आरोप है कि दूसरे पक्ष के 15 से 20 नकाबपोश लोग जिला चिकित्सालय दतिया पहुंच गए।
यहां उन्होंने जमकर हंगामा किया और मरीज के अटेंडर के साथ मारपीट कर दी। अचानक हुए इस हमले से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।
सीसीटीवी में कैद हुई घटना : घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें नकाबपोश बदमाशों की हरकतें कैद हुई हैं। मारपीट के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर लिए हैं और फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
मौके पर नहीं पहुंच पाई पुलिस : इस घटना ने अस्पताल जैसी सुरक्षित मानी जाने वाली जगहों पर भी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जबकि यहां पुलिस चौकी और सिक्योरिटी गार्ड मौजूद रहते हैं।
फिर भी प्रबंधन की लापरवाही के चलते हर रोज घटनाएं यहां हो रही हैं। फिलहाल पुलिस दोनों घटनाओं को आपस में जोड़कर जांच कर रही है और आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की बात कही गई है।

