कट्टे की नोंक पर लूट: हाईवे पर युवकों से बाइक, मोबाइल और नगदी छीनी

दतिया : स्टेट हाईवे पर देर रात लूट की वारदात सामने आई है, जहां तीन अज्ञात बदमाशों ने हथियार के दम पर दो युवकों को निशाना बनाते हुए उनकी बाइक, मोबाइल और नगदी लूट ली। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दो युवक पारिवारिक कार्यक्रम के सिलसिले में शादी के कार्ड बांटने के लिए लहार क्षेत्र गए थे। बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे दोनों वापस लौट रहे थे। रास्ते में पेट्रोल भरवाने के बाद जैसे ही वे सेवढ़ा की ओर बढ़े, तभी पांचाली खदान के पास पीछे से आए बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।

बताया जा रहा है कि तीनों आरोपी एक बाइक पर सवार थे। उन्होंने ओवरटेक कर युवकों को जबरन रोका और कट्टा दिखाकर डराया। इसके बाद बदमाशों ने सबसे पहले उनकी बाइक छीन ली। अंधेरा ज्यादा होने के कारण जब युवकों ने मोबाइल की रोशनी करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उनके मोबाइल फोन भी छीन लिए। साथ ही नगदी से भरा पर्स भी लूटकर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद दोनों युवक किसी तरह सुरक्षित स्थान पर पहुंचे और परिजनों को सूचना देने के बाद थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

पुलिस के अनुसार, जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि इस तरह की वारदातों पर नियंत्रण किया जा सके।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter