दतिया : जिले के पण्डोखर क्षेत्र में समय रहते की गई त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी आगजनी की घटना टल गई। पण्डोखर ग्राम से करीब 6 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पुरा सदका में खेतों से फैलती आग ने अचानक विकराल रूप ले लिया, जिससे पूरे गांव के चपेट में आने का खतरा पैदा हो गया था। सूचना मिलते ही पण्डोखर सरकार धाम ट्रस्ट की फायर ब्रिगेड टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
फोन पर मिली सूचना, तुरंत हरकत में आई टीम : जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1 बजे ग्राम पुरा सदका में आग लगने की सूचना पण्डोखर ग्राम के सरपंच रामकुमार शर्मा को एक स्थानीय युवक द्वारा फोन के माध्यम से दी गई। सरपंच द्वारा यह सूचना तुरंत पण्डोखर सरकार धाम ट्रस्ट को दी गई, जिसके बाद बिना देरी किए ट्रस्ट की अग्निशमन टीम को मौके पर भेजा गया।
पराली जलाने से फैली आग : प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि ग्राम मैथाने के पास खेत में पराली जलाने के दौरान आग अनियंत्रित हो गई और धीरे-धीरे फैलते हुए पुरा सदका गांव की ओर बढ़ने लगी। तेज हवा के कारण आग ने तेजी से फैलाव किया, जिससे आसपास के खेत और आबादी खतरे में आ गए।
2 घंटे की मेहनत के बाद पाया काबू : मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड वाहन के चालक दुर्जेन्द्र शर्मा और मंदिर के पुजारी श्याम तिवारी ने स्थिति को संभालते हुए तत्काल आग बुझाने का कार्य शुरू किया। करीब दो घंटे की लगातार मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया गया। समय रहते की गई इस कार्रवाई से बड़ी जनहानि और संपत्ति के नुकसान को टाल दिया गया।
प्रशासन से सख्ती की मांग : पण्डोखर धाम ट्रस्ट के सचिव मुकेश कुमार गुप्ता (सागर) ने बताया कि फसल कटाई के बाद पराली जलाने की घटनाओं के कारण इस तरह की आगजनी बार-बार सामने आती है। उन्होंने जिला प्रशासन से इस पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
गांव में राहत, टली बड़ी दुर्घटना : इस घटना के बाद गांव में राहत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड टीम की तत्परता और साहस की सराहना की है, जिनकी वजह से एक बड़ा हादसा टल गया।

