आग का कहर : जिगना में खेतों से उठीं लपटें, भरोली में घर जला—दो घटनाओं में भारी नुकसान

दतिया : जिले में रविवार को आग की दो अलग-अलग घटनाओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में भारी नुकसान पहुंचाया। एक ओर जहां जिगना गांव के खेतों में लगी भीषण आग ने फसलों के अवशेष, भूसा और एक कच्चे मकान को अपनी चपेट में ले लिया, वहीं भांडेर क्षेत्र के भरोली गांव में शॉर्ट सर्किट से घर में आग लगने से एक परिवार की पूरी गृहस्थी जलकर खाक हो गई। दोनों घटनाओं में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।

जिगना में खेतों में भड़की आग, कई बीघा नरवाई जली : जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे जिगना गांव के खेतों में अचानक आग लग गई। तेज गर्मी और चल रही हवाओं के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। करीब 10 से 12 बीघा क्षेत्र में फैली नरवाई पूरी तरह जलकर राख हो गई। आग की लपटों ने खेत में खड़ी एक गाड़ी, भूसे के कूप और पास में बने कच्चे मकान को भी नुकसान पहुंचाया। मकान का छप्पर, लकड़ी और घरेलू सामान जल गया।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक काफी नुकसान हो चुका था। ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी के मौसम में इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे चिंता बढ़ गई है।

भरोली में शॉर्ट सर्किट से घर में लगी आग : वहीं, भांडेर क्षेत्र के भरोली गांव में रविवार सुबह करीब 4 बजे एक घर में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि घटना के समय परिवार के सदस्य सो रहे थे। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

आग ने कुछ ही देर में पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे पलंग, कूलर, फ्रिज, अलमारी, कपड़े और अनाज सहित अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए करीब एक घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर नियंत्रण पाया और आसपास के घरों को सुरक्षित बचा लिया।

पीड़ित परिवार के अनुसार इस हादसे में लगभग 50 से 60 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। प्रशासन से राहत सहायता की मांग की जा रही है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter