पद्म पुरस्कार-2027 के लिए नामांकन शुरू : 31 जुलाई तक करें आवेदन, आम नागरिक भी कर सकते हैं सिफारिश

नई दिल्ली :  गणतंत्र दिवस 2027 के अवसर पर घोषित किए जाने वाले देश के प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सरकार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 15 मार्च 2026 से ऑनलाइन नामांकन/सिफारिशें आमंत्रित की गई हैं और इसकी अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक नागरिक राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से होंगे नामांकन : पद्म पुरस्कारों के लिए सभी नामांकन और सिफारिशें केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार की जाएंगी। इसके लिए सरकार ने राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल https://awards.gov.in उपलब्ध कराया है, जहां निर्धारित प्रारूप में पूरी जानकारी भरकर आवेदन किया जा सकता है। नामांकन में संबंधित व्यक्ति की उपलब्धियों का विस्तृत विवरण (अधिकतम 800 शब्दों में) देना अनिवार्य होगा।

देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल : पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में गिने जाते हैं, जिनकी स्थापना वर्ष 1954 में की गई थी। ये पुरस्कार कला, साहित्य, शिक्षा, खेल, चिकित्सा, विज्ञान, समाज सेवा, व्यापार, उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट और असाधारण योगदान के लिए प्रदान किए जाते हैं। इन पुरस्कारों के लिए जाति, लिंग या पद के आधार पर कोई भेदभाव नहीं किया जाता।

‘पीपल्स पद्म’ की दिशा में पहल : सरकार पद्म पुरस्कारों को “पीपल्स पद्म” बनाने के उद्देश्य से आम नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दे रही है। नागरिक न केवल दूसरों को नामित कर सकते हैं, बल्कि स्वयं के लिए भी आवेदन कर सकते हैं। विशेष रूप से महिलाओं, अनुसूचित जाति-जनजाति, दिव्यांगजनों और समाज के लिए निस्वार्थ कार्य करने वाले व्यक्तियों को आगे लाने का प्रयास किया जा रहा है।

विस्तृत जानकारी वेबसाइट पर उपलब्ध : पद्म पुरस्कारों से संबंधित सभी दिशा-निर्देश, नियम और पात्रता की विस्तृत जानकारी गृह मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट और पद्म पुरस्कार पोर्टल पर उपलब्ध है। सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे समाज में उत्कृष्ट कार्य कर रहे लोगों को पहचान कर उनके नामांकन में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter