सोनागिर मंदिर चोरी का बड़ा खुलासा : 25 लाख की मूर्तियां बरामद, अंतरराज्यीय गिरोह सहित 3 आरोपी गिरफ्तार

दतिया :  जिले के प्रसिद्ध जैन तीर्थ सोनागिर में हुई हाई-प्रोफाइल मूर्ति चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। करीब 25 लाख रुपये कीमत की चांदी की मूर्ति और अन्य सामान की चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक अंतरराज्यीय शातिर चोर सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गया पूरा माल भी बरामद कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, 4-5 अप्रैल 2026 की रात सोनागिर पहाड़ी स्थित जैन मंदिर से भगवान की चांदी की मूर्ति, चांदी का सिंहासन और अन्य कीमती सामग्री चोरी हो गई थी।

यह मंदिर जैन समाज की आस्था का प्रमुख केंद्र है, इसलिए घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष जांच शुरू की।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में मामले की लगातार मॉनिटरिंग की गई और विभिन्न जिलों की टीमों का सहयोग लिया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें एक अंतरराज्यीय मूर्ति चोर भी शामिल है, जिस पर अलग-अलग राज्यों में 100 से अधिक चोरी के मामलों में शामिल होने के आरोप हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी लंबे समय से इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा था और कई मामलों में वांछित भी था।

गिरफ्तार आरोपियों में सीहोर जिले का निवासी विशाल विश्वकर्मा, दतिया के दिलीप दांगी उर्फ नन्ने दांगी और गुलाब अहिरवार शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से चोरी की गई चांदी की मूर्ति, सिंहासन और अन्य सामग्री बरामद कर ली है, जिसकी कुल कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है।

इस पूरे मामले में पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने अहम भूमिका निभाई।

टीम में थाना और साइबर सेल के अधिकारियों सहित कई पुलिसकर्मियों ने लगातार मेहनत कर इस संवेदनशील मामले का खुलासा किया। पुलिस अधिकारियों ने इसे बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि आगे भी इस तरह के अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter