वकील के बेटे को निशाना बनाने आए बदमाशों ने की फायरिंग : कार और दरवाजे पर लगी गोलियां, पुलिस मौके पर पहुंची

Datia news : दतिया। कृषि उपज मंडी के पीछे स्थित राजीव नगर में शनिवार शाम हुई फायरिंग की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। रिहायशी क्षेत्र में दिनदहाड़े चली गोलियों से लोग दहशत में आ गए और कुछ देर के लिए आसपास सन्नाटा छा गया। शहर के वार्ड क्रमांक 31 थाना सिविल लाइन क्षेत्र की इस घटना को लेकर शहर में तमाम तरह की चर्चाएं भी हैं।

जानकारी के अनुसार पेशे से वकील रामहेत अहिरवार के घर कुछ बदमाश पहुंचे और उनके बेटे को निशाना बनाने के लिए उन्होंने वहां फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने कई राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से कुछ घर के मुख्य दरवाजे और बाहर खड़ी कार में जा लगीं। मौके पर गोलियों के स्पष्ट निशान मिले हैं।

पीड़ित रामहेत अहिरवार ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है। उन्होंने बताया कि हमलावर उनके बेटे पर जानलेवा हमला करने की नीयत से आए थे। उनका कहना है कि यदि समय रहते बचाव नहीं होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद से पूरा परिवार भय के माहौल में है।

पीड़ित द्वारा पुलिस को की गई शिकायत में करन अहिरवार, विशेष जाटव और राज यादव को आरोपी बताया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाते हुए जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपितों की तलाश जारी है।

गोली की आवाज सुन डरे पड़ौसी : वार्ड 31 राजीव नगर में दिनदहाड़े फायरिंग की घटना के बाद आसपास के लोग दहशत में आ गए। जैसे ही बदमाशों ने वकील के घर पर गोलियां दागी, उनकी आवाज सुन पड़ौस में रहने वाले लोग डर गए। दरवाजे और कार पर लगे गोली के निशान, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में भी नजर आ रहे हैं।

वकील ने खुद वीडियो किया जारी : इधर पूरी घटना को लेकर पीड़ित वकील रामहेत ने खुद ही वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर जारी किया है। जिसमें उन्होंने पूरा घटनाक्रम, आरोपितों के नाम और कार व दरवाजे पर लगी गोलियों के निशान भी दिखाए हैं। घटना की खबर पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter