दतिया : जिले के भांडेर अनुभाग अंतर्गत बड़ा पोरसा गांव में गुरुवार को खराब मौसम के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। तेज आंधी और बारिश के बीच हुए इस हादसे में मकान के कई हिस्सों को भारी नुकसान पहुंचा, हालांकि परिवार के सदस्य सुरक्षित बच गए।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी शिवकुमार शर्मा के दो मंजिला मकान पर अचानक बिजली गिर गई। घटना इतनी तेज थी कि मकान के चार कमरों की छत और दीवारों में गंभीर दरारें आ गईं, जबकि एक कमरे की छत पूरी तरह ढह गई। बताया जा रहा है कि हादसे से कुछ ही क्षण पहले शिवकुमार उस कमरे से बाहर निकले थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य घर के दूसरे हिस्से में मौजूद थे, जहां बिजली का असर नहीं पहुंचा। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन मकान का बड़ा हिस्सा रहने योग्य नहीं बचा है। घर में रखा घरेलू सामान और अनाज भी मलबे में दबकर खराब हो गया।
परिवार ने बताया कि रसोई वाला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त होने के कारण घर में खाना नहीं बन सका और पड़ोसियों ने भोजन की व्यवस्था कर मदद की। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गांव में इस तरह आकाशीय बिजली गिरने की यह पहली बड़ी घटना है। वहीं घटना के कई घंटे बाद तक प्रशासनिक अमला मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली।
इधर मौसम विभाग के अनुसार क्षेत्र में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। गुरुवार सुबह और शाम दोनों समय तेज हवा के साथ हल्की बारिश हुई, जिससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।

