मिल्क पार्लर के कर्मचारी काे कार में जबरन डालकर ले गए बदमाश : बदला लेने के लिए हाथ में कट्टा देकर खींचा फोटो, बोले अब वायरल करेंगे

Datia news : दतिया। जिला अस्पताल के मिल्क पार्लर पर काम करने वाले कर्मचारी को कुछ लोग उस समय कार में जबरन डालकर ले गए, जब वह अपने काम से लौट रहा था। घटना ठंडी सड़क क्षेत्र की है। उक्त कर्मचारी से रंजिश के चलते कार सवारों ने यह हरकत की और उसे शहर से कुछ दूर गाेविंदपुर गांव में ले गए।

इस दौरान अपहरणकर्ताओं ने युवक की जमकर पिटाई भी की। इसके बाद उसे फंसाने के लिए हाथ में कट्टा पकड़ाकर फोटो खींच लिए और उन्हें वायरल करने की धमकी दी।

मारपीट का शिकार बने युवक ने कोतवाली पुलिस को आपबीती सुनाई। जिसके बाद तीन नामजद सहित 11 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार तिगैलिया निवासी 24 वर्षीय शिवालय साहू जिला अस्पताल स्थित सांची मिल्क पार्लर में काम करता है। गुरुवार दोपहर वह पैदल अपने घर लौट रहा था।

इसी दौरान ठंडी सड़क पर उसे गोविंदपुर निवासी राजदीप यादव और कृष्णा यादव मिले, जो एक काले रंग की कार में सवार थे। दोनों ने रंजिश को लेकर शिवालय को रोक लिया और उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।

पीड़ित के मुताबिक कुछ ही देर में तीन बाइकों पर सवार होकर करीब नौ युवक और मौके पर पहुंच गए। सभी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर उसे जबरन कार में डाल लिया।

आरोप है कि रास्ते भर उसके साथ मारपीट की जाती रही और बाद में गोविंदपुर के पास एक खेत में ले जाकर डंडों, थप्पड़ों और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा गया।

इस मारपीट में शिवालय के सिर, पीठ, आंख, गले, कोहनी और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित का कहना है कि आरोपी लगातार उसे धमकाते रहे और जान से मारने की बात कहते रहे।

कट्टा पकड़ाकर फोटो खींचे : शिवालय साहू ने पुलिस को बताया कि मारपीट के दौरान आरोपी राजदीप यादव ने कट्टा निकालकर उसे डराया। इसके बाद कट्टा उसके हाथ में पकड़ाकर उसकी फोटो खींच ली गई।

आरोपियों ने धमकी दी कि यदि उसने किसी को घटना के बारे में बताया तो फोटो वायरल कर फंसा दिया जाएगा। पीड़ित ने बताया कि मौका मिलते ही वह आरोपियों के चंगुल से भाग निकला और अपने एक साथी के साथ थाने पहुंचकर पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter