दतिया । जिला कुराश संघ द्वारा रविवार को स्टेडियम ग्राउंड स्थित रुद्र मार्शल आर्ट अकादमी में राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों और उनकी माताओं के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया, वहीं उनकी माताओं को भी विशेष रूप से सम्मान प्रदान किया गया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक प्रदीप अग्रवाल उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में मयंक ढेगला, महेश दुबे एवं राजेंद्र नगरच मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता दतिया जिला कुराश संघ के अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने की। समारोह में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, अभिभावक, खेल प्रेमी और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
“खेल अनुशासन और आत्मविश्वास का माध्यम” : संघ अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का माध्यम भी हैं। उन्होंने कहा कि दतिया के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
उन्होंने खिलाड़ियों की सफलता में माताओं की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि हर सफल खिलाड़ी के पीछे परिवार, विशेष रूप से माँ का त्याग, समर्थन और प्रेरणा छिपी होती है।
इन खिलाड़ियों का हुआ सम्मान : समारोह में भूमि पाल, हासिम खान, चंचल पटवा, कृष्णा यादव, माही साहू, नव्या रजक, लवेश नायक, रुद्र शर्मा, ऋषि राय, निकुंज गुर्जर, अनन्या प्रजापति, प्रतीक्षा दोहरे, इंद्रकांत पाल, आस्था सेन और मानवी राजा बुंदेला सहित अन्य खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों ने अपने अनुभव साझा किए और युवाओं को खेलों से जुड़कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। आयोजन का उद्देश्य जिले में खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करना और युवा प्रतिभाओं का उत्साह बढ़ाना रहा।

