जुआ फड़ पर पुलिस की कार्रवाई, चार जुआरी गिरफ्तार : तीन बाइक और एक लाख से अधिक की नकदी जब्त !

दतिया। पंडोखर थाना पुलिस ने अवैध जुआ फड़ पर दबिश देकर चार जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नगदी और वाहनों सहित लगभग 1 लाख 13 हजार 700 रुपये का मशरूका जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान कुछ अन्य जुआरी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।

थाना प्रभारी रिपुदमन सिंह राजावत ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार शाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम लहार हवेली क्षेत्र में कुछ लोग हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस को देखकर वहां मौजूद जुआरियों में अफरा-तफरी मच गई। मौके से चार आरोपियों को पकड़ लिया गया, जबकि कुछ लोग भागने में सफल रहे।

पुलिस ने मौके से तीन बाइकें, नगद राशि और जुआ खेलने में उपयोग की जा रही सामग्री जब्त की है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मुहर सिंह पुत्र मोतीलाल कुशवाहा, उमा नरेश रजक पुत्र खुमान रजक निवासी बहादुरपुर थाना समथर जिला झांसी, तथा हरिराम कुशवाहा पुत्र रामरतन और करण सिंह कुशवाहा पुत्र नन्नू कुशवाहा निवासी लहार हवेली थाना पंडोखर शामिल हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस टीम सक्रिय रूप से कार्रवाई कर रही है।

थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter