बिना OTP और मैसेज के बदमाशों ने उड़ाए 1 लाख 90 हजार रुपए : साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया, मोबाइल हैक कर मंडी कर्मचारी के खाते से पार की रकम

दतिया। जिले के इंदरगढ़ कस्बे में साइबर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है। कृषि उपज मंडी में कार्यरत एक कर्मचारी के बैंक खाते से साइबर ठगों ने करीब 1 लाख 93 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के माध्यम से निकाल लिए। हैरानी की बात यह रही कि रकम निकलने के दौरान पीड़ित के मोबाइल पर न कोई ओटीपी आया और न ही बैंक की ओर से किसी प्रकार का संदेश प्राप्त हुआ। मामले में इंदरगढ़ थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार इंदरगढ़ निवासी अर्पित श्रीवास्तव ने साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई है। उनका खाता पंजाब नेशनल बैंक की इंदरगढ़ शाखा में संचालित है। शिकायत में बताया गया कि एक मई को खाते से 95 हजार रुपए तथा दो मई को 88 हजार रुपए ऑनलाइन माध्यम से निकाल लिए गए।

पीड़ित को ठगी की जानकारी उस समय हुई जब किसी परिचित द्वारा खाते में राशि ट्रांसफर की गई। इसके बाद उन्होंने बैंकिंग एप के माध्यम से बैलेंस चेक किया, जिसमें खाते से कुल 1 लाख 93 हजार रुपए कम पाए गए। अर्पित श्रीवास्तव के अनुसार ट्रांजेक्शन के दौरान मोबाइल पर किसी प्रकार का ओटीपी, अलर्ट मैसेज या कॉल प्राप्त नहीं हुई, जिससे मोबाइल हैकिंग या साइबर फ्रॉड की आशंका जताई जा रही है।

घटना की जानकारी लगते ही पीड़ित ने तत्काल बैंक पहुंचकर अपना खाता होल्ड कराया और साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। प्रारंभिक जांच के बाद इंदरगढ़ थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस अब बैंक ट्रांजेक्शन, मोबाइल गतिविधियों और साइबर तकनीकी डिटेल्स की जांच कर रही है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अपने मोबाइल और बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस और बैंक को दें।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter