हथियारों से भरी स्कार्पियो पुलिस को देखकर भागी : पीछा कर वाहन को पकड़ा गया, चार बदमाश गिरफ्तार

Datia news : दतिया। हथियारों से भरी स्कार्पियो में बैठे बदमाशों ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की। जैसे ही वह वाहन मोड़कर भागे वैसे ही पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर बदमाशों को दबोच लिया। मामला सेवढ़ा थाना क्षेत्र का है।

सेवढ़ा पुलिस ने स्कार्पियो वाहन को पकड़कर चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में दो देसी कट्टे, एक देसी अधिया, चार जिंदा कारतूस और सात पेटी अवैध देसी सफेद शराब बरामद की गई है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 10 लाख 45 हजार रुपये बताई जा रही है।

एसडीओपी अजय चानना ने बताया कि गुरुवार देर रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की स्कॉर्पियो क्रमांक यूपी 75 वी 2500 में सवार कुछ युवक अवैध हथियार और शराब लेकर क्षेत्र से गुजरने वाले हैं।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील बनौरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम को सक्रिय किया गया और संदिग्ध वाहन की घेराबंदी के लिए रवाना किया गया।

पुलिस टीम द्वारा वाहन को रोकने का प्रयास किया गया तो स्कॉर्पियो चालक ने तेजी से वाहन भगाना शुरू कर दिया। आरोपित कट मारते हुए वाहन को कच्चे रास्ते की ओर ले गए, लेकिन पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए उनका पीछा जारी रखा। कुछ दूरी पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।

वाहन में रखे मिले कट्टे अधिया और कारतूस : वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से दो देसी कट्टे, एक देसी अधिया, चार जिंदा राउंड और सात पेटी अवैध देसी सफेद शराब बरामद हुई।

पुलिस ने मौके से अंश प्रताप सिंह पुत्र अरविंद सिंह चौहान, अभि चौहान पुत्र जितेंद्र चौहान, अनिकेत चौहान पुत्र भूपेंद्र चौहान तथा एक विधि विरुद्ध बालक को हिरासत में लिया है।

पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद हथियार और शराब कहां से लाई गई थी और इन्हें कहां ले जाया जा रहा था।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter