Datia news : दतिया। सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्याें में भूमिका निभाने वाला पंडोखरधाम गुरुवार को उन गरीब कन्याओं के हाथ पीले कराने की पहल करने वाला है, जिनके सामूहिक विवाह आयोजन के स्थगित होने की नौबत आ गई थी।
जब उक्त स्थिति के बारे में पंडोखर धाम ट्रस्ट को जानकारी मिली तो उसने मदद का हाथ बढ़ाया और गरीब कन्याओं की डोली उठाने का भार संभाल लिया। धाम की इस पहल से गरीब परिवारों में खुशी का माहौल है।
बता दें कि भांडेर विकासखंड के ग्राम मैथाना में आयोजित होने वाला 11 कन्याओं का निश्शुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन व्यवस्थागत कारणों से स्थगित होने की स्थिति में पहुंच गया था।
जैसे ही इसकी जानकारी पंडोखर धाम के सरपंच तथा भाजपा जिला उपाध्यक्ष रामजी शर्मा को मिली, उन्होंने तत्काल गांव पहुंचकर सभी कन्याओं और उनके स्वजन को आश्वस्त किया कि किसी भी बेटी का विवाह प्रभावित नहीं होगा।
इसके बाद पंडोखर धाम की ओर से पूरे विवाह सम्मेलन की जिम्मेदारी अपने हाथों में लेते हुए आयोजन को धाम परिसर में कराने का निर्णय लिया गया। धाम परिसर में तैयारियां कर ली गईं हैं। ताकि सभी कन्याओं का विवाह तय शुभ मुहूर्त में वैदिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया जा सके।
पंडोखर धाम में गुरुवार 21 मई को आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में कुल 11 कन्याएं परिणय सूत्र में बंधेंगी। इनमें बंशकार समाज की चार, दोहरे समाज की तीन, केवट समाज की एक तथा अन्य समाजों की तीन कन्याएं शामिल हैं।
विवाह समारोह वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के साथ संपन्न होगा। यह भव्य आयोजन धाम में पीठाधीश्वर गुरुशरण महाराज के सानिध्य में संपन्न होगा।
ट्रस्ट की ओर से दिया जाएगा गृहस्थी का सामान : पंडोखर धाम ट्रस्ट के संस्थापक सचिव मुकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि सामूहिक विवाह सम्मेलन के दौरान सभी 11 नवदंपत्तियों को गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए आवश्यक सामग्री भी भेंट स्वरूप प्रदान की जाएगी।
इनमें कूलर, अलमारी, प्रेस, बेड, सिंगारदानी सहित अन्य घरेलू उपयोग की सामग्री शामिल है। सचिव मुकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि पंडोखर धाम सदैव सामाजिक और धार्मिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है।
गरीब एवं असहाय परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग करना धाम के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर नवदंपत्तियों को आशीर्वाद देने की अपील भी की है।

