नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव और बदलते हालात के बीच केंद्र सरकार ने नागरिकों को भरोसा दिलाया है कि देश में पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और प्राकृतिक गैस की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है। गुरुवार को आयोजित अंतर-मंत्रालयी प्रेस वार्ता में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय और पत्तन, पोत परिवहन व जलमार्ग मंत्रालय के अधिकारियों ने ऊर्जा आपूर्ति, समुद्री सुरक्षा और आवश्यक सेवाओं की स्थिति पर विस्तृत जानकारी साझा की।
सरकार ने स्पष्ट किया कि वर्तमान परिस्थितियों के बावजूद देशभर के पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है तथा किसी तरह की घबराहट में खरीदारी की आवश्यकता नहीं है। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे अफवाहों से बचें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें।
भारतीय नाविक सुरक्षित, समुद्री गतिविधियां सामान्य : प्रेस वार्ता में बताया गया कि फारस की खाड़ी और पश्चिम एशिया क्षेत्र में कार्यरत सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं। पिछले 72 घंटों में भारतीय ध्वज वाले जहाजों या भारतीय चालक दल वाले विदेशी जहाजों से जुड़ी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।
सरकार के अनुसार, जहाजरानी महानिदेशालय (DG Shipping) के कंट्रोल रूम ने अब तक हजारों कॉल और ईमेल संभाले हैं। वहीं, 3 हजार से अधिक भारतीय नाविकों की सुरक्षित स्वदेश वापसी में सहायता भी की गई है। देश के प्रमुख बंदरगाहों पर संचालन सामान्य बताया गया है और कहीं भी भीड़भाड़ की स्थिति सामने नहीं आई है।
एलपीजी आपूर्ति जारी, निगरानी व्यवस्था हुई सख्त : सरकार ने दावा किया कि घरेलू एलपीजी, पीएनजी और सीएनजी की आपूर्ति बिना बाधा जारी है। एलपीजी की जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए देशभर में प्रवर्तन अभियान तेज किए गए हैं। हाल के दिनों में हजारों छापेमारी और निरीक्षण किए गए, जबकि नियमों के उल्लंघन पर कई वितरकों के खिलाफ कार्रवाई भी हुई।
अधिकारियों के अनुसार, डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (DAC) आधारित एलपीजी वितरण में करीब 96 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। इससे सिलेंडर की हेराफेरी और फर्जी डिलीवरी पर नियंत्रण मजबूत हुआ है।
पीएनजी अपनाने पर जोर, हजारों उपभोक्ताओं ने छोड़ा एलपीजी : स्वच्छ और वैकल्पिक ईंधन को बढ़ावा देने के लिए सरकार पीएनजी नेटवर्क विस्तार पर भी तेजी से काम कर रही है। जानकारी के मुताबिक, हजारों उपभोक्ताओं ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपने एलपीजी कनेक्शन सरेंडर कर पीएनजी को अपनाया है।
सरकार ने होटल, रेस्तरां और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों को भी पीएनजी उपयोग के लिए प्रोत्साहित करने की बात कही है, ताकि एलपीजी पर दबाव कम किया जा सके।
सरकार की अपील: ऊर्जा बचाएं, घबराहट में खरीदारी न करें : प्रेस वार्ता के दौरान नागरिकों से ऊर्जा संरक्षण की अपील की गई। साथ ही कहा गया कि पेट्रोल, डीजल या एलपीजी की अतिरिक्त खरीदारी करने से बचें, क्योंकि आवश्यक ईंधन और गैस की उपलब्धता बनाए रखने के लिए सरकार लगातार निगरानी और समन्वय कर रही है।

