दतिया। सामाजिक सेवा, धार्मिक आयोजनों और जनकल्याण कार्यों के लिए प्रसिद्ध पंडोखर सरकार धाम की पावन धरा पर गुरुवार, 21 मई को पंडोखर धाम पीठाधीश्वर गुरुशरण महाराज के सानिध्य में भव्य निःशुल्क सामूहिक विवाह महोत्सव पूरी श्रद्धा, वैदिक मंत्रोच्चार और सनातन परंपराओं के साथ सम्पन्न हुआ। इस आयोजन में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की 11 कन्याएं विवाह बंधन में बंधकर नए जीवन की शुरुआत कर सकीं। विवाह समारोह के दौरान पूरे धाम परिसर में मंगल गीत, वैदिक मंत्र और धार्मिक वातावरण देखने को मिला।
विशेष बात यह रही कि जिन कन्याओं के सामूहिक विवाह आयोजन पर व्यवस्थागत कारणों से संकट मंडरा रहा था, उनके विवाह की जिम्मेदारी पंडोखर धाम ट्रस्ट ने अपने हाथों में लेकर उन्हें सम्मानपूर्वक सम्पन्न कराया। धाम की इस पहल से जरूरतमंद परिवारों में खुशी और संतोष का माहौल देखा गया।
जानकारी के अनुसार, भांडेर विकासखंड के ग्राम मैथाना में प्रस्तावित सामूहिक विवाह सम्मेलन स्थगित होने की स्थिति में पहुंच गया था। जैसे ही इस विषय की जानकारी पंडोखर धाम से जुड़े पदाधिकारियों को मिली, तत्काल सहायता का निर्णय लिया गया और पूरे आयोजन को धाम परिसर में सम्पन्न कराने की व्यवस्था की गई।
सामूहिक विवाह में बंशकार समाज की चार, दोहरे समाज की तीन, केवट समाज की एक तथा अन्य समाजों की तीन कन्याएं शामिल रहीं। सभी विवाह शुभ मुहूर्त में धार्मिक परंपराओं और वैदिक विधि-विधान के साथ सम्पन्न हुए। नवविवाहित जोड़ों ने अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए और जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया।
विवाह समारोह के दौरान पंडोखर धाम पीठाधीश्वर गुरुशरण महाराज ने नवविवाहित बेटियों को अखंड सौभाग्यवती रहने का आशीर्वाद प्रदान किया तथा उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की। गुरुशरण महाराज ने कहा कि बेटियों का सम्मान और उनके जीवन को बेहतर बनाने में सहयोग करना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है।
नवदंपत्तियों को गृहस्थ जीवन के लिए भेंट किया आवश्यक सामान : पंडोखर धाम ट्रस्ट की ओर से प्रत्येक नवदंपत्ति को गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए आवश्यक सामग्री उपहार स्वरूप प्रदान की गई। धाम की ओर से दिए गए सामान में कूलर, अलमारी, बेड, प्रेस, सिंगारदानी सहित अन्य घरेलू उपयोग की वस्तुएं शामिल रहीं, जिससे नवविवाहित जोड़ों को नए जीवन की शुरुआत में सहायता मिल सके।
पंडोखर धाम ट्रस्ट के संस्थापक सचिव मुकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि धाम सदैव सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता आया है। जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग करना धाम के लिए सेवा और सौभाग्य दोनों है।
जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की रही मौजूदगी : सामूहिक विवाह महोत्सव में मुख्य अतिथियों एवं विशिष्ट जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया। कार्यक्रम में पंडोखर धाम पीठाधीश्वर गुरुशरण महाराज विशेष रूप से मौजूद रहे। वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष रघुवीर कुशवाहा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं पंडोखर सरपंच रामकुमार शर्मा (रामजी), पंडोखर धाम ट्रस्ट के संस्थापक सचिव मुकेश कुमार गुप्ता सहित कई गणमान्य नागरिक आयोजन में शामिल हुए।

समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, क्षेत्रवासी, सामाजिक कार्यकर्ता और परिजन मौजूद रहे, जिन्होंने नवदंपत्तियों को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद प्रदान किया। पूरे आयोजन के दौरान धाम परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा.

