13 गंभीर मामलों के बदमाश से मंच पर सम्मान लेने वाले पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई : एसडीओपी और टीआई को नोटिस, महकमे में मची हलचल

दतिया। एक निगरानीशुदा बदमाश से सार्वजनिक कार्यक्रम में सम्मान ग्रहण करना पुलिस अधिकारियों को महंगा पड़ गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए दतिया पुलिस अधीक्षक ने एसडीओपी और कोतवाली थाना प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हलचल तेज हो गई है।

जानकारी के अनुसार, कुछ समय पहले शहर के एक इलाके में आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान एक निगरानी बदमाश ने मंच पर पुलिस अधिकारियों का फूलमाला पहनाकर सम्मान किया था। कार्यक्रम की तस्वीरें और जानकारी सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम को संज्ञान में लिया।

बताया जा रहा है कि जिस व्यक्ति द्वारा सम्मान किया गया, उसका नाम कई गंभीर आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है और वह पुलिस रिकॉर्ड में निगरानीशुदा बदमाश के रूप में दर्ज है। ऐसे व्यक्ति से सार्वजनिक मंच पर सम्मान ग्रहण करने को लेकर विभागीय स्तर पर सवाल खड़े होने लगे।

मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब मांगा है। नोटिस में पूछा गया है कि किन परिस्थितियों में एक निगरानीशुदा आरोपी को मंच पर सम्मान देने या लेने का अवसर मिला और कार्यक्रम में शामिल होने से पहले उसकी पृष्ठभूमि की जानकारी क्यों नहीं ली गई।

इस पूरे घटनाक्रम के सामने आने के बाद पुलिस विभाग में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। विभागीय सूत्रों का कहना है कि जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर आगे की कार्रवाई भी की जा सकती है।

जानकारी यह भी सामने आई है कि संबंधित बदमाश पर लूट, मारपीट और अन्य गंभीर मामलों सहित कई अपराध दर्ज हैं। हाल ही में वह एक अन्य मामले में पुलिस कार्रवाई का सामना भी कर चुका था। इसके बावजूद सार्वजनिक मंच पर पुलिस अधिकारियों के साथ उसकी मौजूदगी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter