नई दिल्ली। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और कृषि आय को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री Shivraj Singh Chouhan ने मूल्य समर्थन योजना (PSS) के तहत चार राज्यों में दाल और तिलहन की खरीद को मंजूरी दी है। यह फैसला उत्तर प्रदेश, गुजरात, तमिलनाडु और हरियाणा के किसानों के लिए राहत भरा माना जा रहा है।
सरकार के निर्णय के अनुसार, किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर बड़ी मात्रा में मूंग, उड़द और मूंगफली की खरीद की जाएगी। इससे किसानों को बाजार में बेहतर मूल्य मिलने के साथ-साथ फसल को कम कीमत पर बेचने की मजबूरी से भी राहत मिलेगी।
सबसे बड़ा लाभ उत्तर प्रदेश को मिला है, जहां ग्रीष्मकालीन सीजन 2026 के लिए 48,298 मीट्रिक टन मूंग, 97,970 मीट्रिक टन उड़द और 41,718 मीट्रिक टन मूंगफली खरीदने की स्वीकृति दी गई है। इन फसलों की खरीद पर 1,490 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे।
गुजरात में 18,250 मीट्रिक टन मूंग की खरीद को मंजूरी मिली है, जिसका कुल मूल्य 160 करोड़ रुपये से अधिक होगा। वहीं तमिलनाडु में मूंग खरीद का लक्ष्य बढ़ाकर 990 मीट्रिक टन कर दिया गया है, जिससे राज्य के किसानों को अतिरिक्त लाभ मिलेगा।
हरियाणा में भी 2,115 मीट्रिक टन मूंग खरीदने की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस खरीद का अनुमानित मूल्य 18 करोड़ रुपये से अधिक है। सरकार का मानना है कि इससे किसानों को मूल्य समर्थन मिलने के साथ कृषि क्षेत्र को भी मजबूती मिलेगी।
कृषि मंत्रालय के अनुसार, यह पहल किसानों की आय बढ़ाने, दाल एवं तिलहन उत्पादन को प्रोत्साहित करने और कृषि क्षेत्र को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

