दतिया। जिले के इंदरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाद में उसे बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर भेजा गया।
जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब महिला घर पर मौजूद थी। अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो महिला घायल अवस्था में मिली। ग्रामीणों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
चिकित्सकों के अनुसार महिला के पेट में 315 बोर की गोली फंसी हुई पाई गई है। प्रारंभिक जांच में गोली किसी देशी हथियार से चलने की आशंका जताई जा रही है। महिला की हालत को देखते हुए चिकित्सकों की टीम लगातार निगरानी कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार घटना से पहले परिवार के सदस्यों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। वहीं, परिजनों का कहना है कि गोली महिला को कैसे लगी, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी नहीं है।
पुलिस का कहना है कि घायल महिला के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि गोली दुर्घटनावश चली, किसी विवाद के दौरान चली या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

