हाथों में मेहंदी, पास मिला बालों का जुड़ा : हाईवे पुलिया के नीचे मिला महिला का अधजला शव, पहचान मिटाने की आशंका से सनसनी;पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

दतिया। गोराघाट थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 स्थित उपराय गांव के समीप पुलिया के नीचे सोमवार सुबह एक अज्ञात महिला का अधजला शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव की स्थिति को देखते हुए मामला संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है और मृतका की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार सुबह स्थानीय लोगों ने पुलिया के नीचे जले हुए शव को देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही गोराघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार मृतका की उम्र लगभग 30 वर्ष के आसपास बताई जा रही है, जबकि शव करीब दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है।

घटनास्थल से मिले कई अहम सुराग : पुलिस जांच के दौरान मृतका के हाथों में मेहंदी के निशान पाए गए। वहीं घटनास्थल के पास बालों का जुड़ा भी बरामद हुआ। शव पर केवल ब्लाउज मौजूद था, जिससे मामला और अधिक रहस्यमय हो गया है। पुलिस का मानना है कि महिला की पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को जलाने का प्रयास किया गया हो सकता है।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य : मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। जांच में वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए ग्वालियर से फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक नमूने एकत्र किए। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का भी मिलान कर रही है।

हत्या या हादसा, जांच के बाद होगा खुलासा : पुलिस फिलहाल किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है। यह भी जांच की जा रही है कि महिला की मौत घटनास्थल पर हुई या शव को कहीं और से लाकर यहां फेंका गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतका की पहचान और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट इस मामले की गुत्थी सुलझाने में अहम भूमिका निभाएगी। फिलहाल मर्ग कायम कर जांच जारी है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter