नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने कृषि विपणन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और किसान हितैषी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को नेशनल एग्रीकल्चरल कोऑपरेटिव मार्केटिंग फेडरेशन (NAFED) के नए ई-ऑक्शन पोर्टल NAFEX.in का शुभारंभ किया। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए किसानों को अपनी उपज की बिक्री में अधिक सुविधा और बेहतर मूल्य मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
किसानों और खरीदारों को जोड़ने का नया माध्यम : नई व्यवस्था के तहत कृषि उपज की खरीद-बिक्री प्रक्रिया को डिजिटल बनाया जाएगा। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और किसानों को बिचौलियों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। सरकार का दावा है कि पोर्टल के माध्यम से होने वाले लेन-देन का भुगतान निर्धारित समय में सीधे किसानों के बैंक खातों में पहुंचाया जाएगा।
NAFED की बढ़ी ताकत, लाखों किसानों तक पहुंच : कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि एक समय आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहा NAFED आज देश के करोड़ों किसानों तक अपनी पहुंच बना चुका है। संस्था का कारोबार लगातार बढ़ा है और कृषि क्षेत्र में इसकी भूमिका पहले से कहीं अधिक मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि NAFED और NCCF को किसानों से सीधे खरीद व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में काम करना होगा।
दलहन खरीद पर रहेगा विशेष फोकस : सरकार ने संकेत दिए हैं कि आने वाले वर्षों में दलहन खरीद व्यवस्था को और सशक्त किया जाएगा। उद्देश्य यह है कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले और देश दलहन उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ सके।
किसान परिवारों के बच्चों को मिलेगा लाभ : NAFED ने किसान परिवारों के बच्चों की उच्च शिक्षा और करियर विकास के लिए छात्रवृत्ति योजना शुरू करने की भी घोषणा की है। संस्था के मुनाफे का एक हिस्सा इस उद्देश्य के लिए उपयोग किया जाएगा, जिससे ग्रामीण और किसान परिवारों के विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को दी श्रद्धांजलि : कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने देश की एकता और अखंडता के लिए दिए गए उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके विचार आज भी राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा बने हुए हैं।

