दतिया। कोतवाली थाना क्षेत्र में एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने एक युवक के खिलाफ दुष्कर्म, धमकी, मारपीट और एससी-एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। महिला का आरोप है कि आरोपी ने मोबाइल से निजी जानकारी हासिल करने के बाद उसे ब्लैकमेल किया और लंबे समय तक मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता रहा।
मोबाइल रिपेयरिंग के दौरान शुरू हुआ विवाद : हनुमानगढ़ी क्षेत्र निवासी 40 वर्षीय महिला ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि कुछ वर्ष पूर्व वह सुपर मार्केट स्थित एक मोबाइल दुकान पर अपना फोन ठीक कराने गई थी। महिला का आरोप है कि दुकान पर कार्यरत युवक ने उसी दौरान उसके मोबाइल से निजी फोटो और अन्य जानकारी हासिल कर ली।
फोटो वायरल करने की धमकी देकर बनाया दबाव : शिकायत के अनुसार आरोपी ने बाद में निजी तस्वीरें सार्वजनिक करने की धमकी देकर महिला पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। महिला का कहना है कि इस डर के कारण वह लंबे समय तक मानसिक तनाव में रही और आरोपी की धमकियों का सामना करती रही।
घर में घुसकर दुष्कर्म करने का आरोप : पीड़िता ने आरोप लगाया कि वर्ष 2022 में आरोपी उसके घर पहुंचा, जहां परिवार के अन्य सदस्य मौजूद नहीं थे। महिला का कहना है कि आरोपी ने उसे धमकाकर उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया और बाद में वीडियो बनाकर उसे और अधिक ब्लैकमेल करने लगा।
मारपीट और जातिसूचक टिप्पणी के भी आरोप : महिला ने शिकायत में यह भी कहा कि बाद के वर्षों में आरोपी ने उसके साथ मारपीट की, अभद्र व्यवहार किया और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित किया। हाल ही में कथित तौर पर आरोपी द्वारा दी गई धमकियों के बाद पूरा मामला परिवार के सामने आया।
पति के सहयोग से पहुंची पुलिस तक : पीड़िता का कहना है कि सामाजिक बदनामी और भय के कारण वह पहले शिकायत दर्ज नहीं करा सकी थी। हालांकि परिवार, विशेषकर पति के सहयोग और हौसला बढ़ाने के बाद उसने पुलिस से न्याय की मांग की।
पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण : थाना प्रभारी अंशुल अरोरा ने बताया कि शिकायत की जांच के उपरांत आरोपी शिवम तिवारी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है तथा तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

