कई दिनों से बंद घर से उठी दुर्गंध : अंदर जाकर देखा तो पड़ा था अधेड़ का शव, गांव में फैली सनसनी : छत के रास्ते घर में पहुंचे परिजन, पुलिस ने शुरू की जांच

दतिया। भाण्डेर थाना क्षेत्र के ग्राम देवरा में एक अधेड़ व्यक्ति का शव उसके घर के अंदर मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कई दिनों से घर बंद होने और व्यक्ति के दिखाई नहीं देने के बाद जब मकान से तेज दुर्गंध आने लगी, तब ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद घर का दरवाजा खुलवाया गया, जहां व्यक्ति मृत अवस्था में मिला।

दुर्गंध के बाद हुआ मामले का खुलासा : जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान ओमकार सिंह यादव (56) पुत्र स्व. नारायण सिंह यादव निवासी ग्राम देवरा के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि ओमकार सिंह कई दिनों से नजर नहीं आए थे। इसी बीच घर से लगातार दुर्गंध आने पर संदेह गहराया और इसकी सूचना उनके परिजनों को दी गई।

छत के रास्ते घर में पहुंचे परिजन : सूचना मिलने के बाद मृतक के भाई जनमन सिंह यादव अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण एक युवक पड़ोसी मकान की छत के रास्ते घर के भीतर पहुंचा और अंदर से दरवाजा खोला। घर में प्रवेश करने पर ओमकार सिंह का शव फर्श पर पड़ा मिला। शव पुराना होने के कारण उससे तेज दुर्गंध आ रही थी।

अकेले रहते थे मृतक : परिजनों के अनुसार, ओमकार सिंह यादव अकेले रहते थे। बताया जा रहा है कि उन्हें शराब पीने की आदत थी। हालांकि उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका फिलहाल स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।

पुलिस जांच में जुटी : घटना की सूचना मिलते ही भाण्डेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा : भाण्डेर थाना प्रभारी कोमल परिजमहार ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!