नई दिल्ली। विदेशी मूल के सोने की तस्करी के खिलाफ देशव्यापी अभियान में राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक संगठित अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, राजकोट, कालीकट, विशाखापत्तनम, गुवाहाटी और पेट्रापोल सहित कई स्थानों पर चलाए गए अभियानों में करीब 15 किलोग्राम विदेशी मूल का सोना, 45 किलोग्राम चांदी जब्त की गई है। जब्त सामान की अनुमानित कीमत लगभग 23 करोड़ रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
डीआरआई के अनुसार, मुंबई एयरपोर्ट से संचालित एक संगठित तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया गया। जांच के दौरान एक ऐसे ठिकाने का पता चला, जहां तस्करी कर लाए गए विदेशी सोने को पिघलाकर उसकी पहचान मिटाई जाती थी। टीम ने इस अवैध धातु गलाने की इकाई को ध्वस्त करते हुए वहां से लगभग 6 किलोग्राम विदेशी सोना बरामद किया।
इस मामले में गिरफ्तार किए गए 9 आरोपियों में एयरपोर्ट की एक कर्मचारी, उसका हैंडलर, तीन बिचौलिए, धातु गलाने की इकाई का संचालक तथा वहां काम करने वाले तीन अन्य व्यक्ति शामिल हैं। जांच एजेंसियों का मानना है कि यह गिरोह एयरपोर्ट के अंदरूनी संपर्कों और बहुस्तरीय वितरण नेटवर्क का इस्तेमाल कर लंबे समय से तस्करी को अंजाम दे रहा था।
इसी क्रम में बेंगलुरु में डीआरआई ने एक अंतरराष्ट्रीय यात्री को गिरफ्तार किया, जिसके कपड़ों में विशेष तरीके से छिपाकर 1.8 किलोग्राम 24 कैरेट सोने का पेस्ट ले जाया जा रहा था। आरोपी के घर की तलाशी में करीब 1.5 किलोग्राम सोने के आभूषण, 45 किलोग्राम चांदी तथा भारतीय और विदेशी मुद्रा भी बरामद की गई।
इसके अलावा हैदराबाद, राजकोट, कालीकट, विशाखापत्तनम, गुवाहाटी और पेट्रापोल में एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन एवं सीमा चौकियों पर चलाए गए अलग-अलग अभियानों में करीब 6 किलोग्राम विदेशी सोना जब्त किया गया। इन कार्रवाइयों में 5 अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।

