विशाल हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी: भोपाल से दबोचे गए दो इनामी भाई, हथियार और कारतूस भी बरामद

 दतिया। सिद्धार्थ कॉलोनी में हुए चर्चित विशाल कुशवाहा हत्याकांड की जांच में दतिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे 10-10 हजार रुपये के इनामी दो सगे भाइयों को भोपाल से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों से पूछताछ के दौरान पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई दो रायफल और 47 जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। इस कार्रवाई के साथ ही मामले में नामजद सभी छह आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।

कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार, विशाल कुशवाहा हत्याकांड में अमित तिवारी, बंटी तिवारी, गोलू तिवारी, दिव्यांक पाठक, राहुल बुंदेला और विकास शर्मा के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। इनमें से चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि अमित तिवारी और बंटी तिवारी फरार चल रहे थे। दोनों पर पुलिस ने 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। लगातार तलाश के बाद दोनों आरोपियों को भोपाल से गिरफ्तार कर दतिया लाया गया।

पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई दो रायफल और 47 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। अधिकारियों का कहना है कि यह बरामदगी मामले की जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित होगी। पुलिस अब हथियारों के स्रोत और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है।

गौरतलब है कि 17 जून की रात रोहित यादव अपनी सगाई समारोह के बाद विशाल कुशवाहा, आनंद यादव और राजा खान के साथ कार में सिद्धार्थ कॉलोनी पहुंचे थे। इसी दौरान काली स्कॉर्पियो से पहुंचे हमलावरों ने रायफल और पिस्टल से करीब 10 से 15 राउंड फायरिंग कर दी। हमले में विशाल कुशवाहा के सिर और सीने में गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य साथी बाल-बाल बच गए।

एफआईआर के अनुसार, घटना से पहले आरोपी युवकों का पीछा कर रहे थे और सिद्धार्थ कॉलोनी पहुंचते ही उन्होंने कार को घेरकर वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद सभी आरोपी झांसी बायपास की ओर फरार हो गए थे।

कोतवाली थाना प्रभारी धीरेन्द्र मिश्रा ने बताया कि मामले में सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अब पूछताछ के आधार पर हत्या की साजिश, घटना के पीछे की वजह और अन्य संभावित कड़ियों की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter