10 महीने से लापता पिता के रहस्य से उठा पर्दा: पुलिया को मिला मानव कंकाल, डीएनए जांच से होगी पहचान की पुष्टि

दतिया। बड़ौनी थाना क्षेत्र के छता गांव में रविवार को कनपुरा पुलिया के पास मानव कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह कंकाल करीब दस महीने पहले लापता हुए गांव निवासी उदयभान बुंदेला का हो सकता है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अंतिम पुष्टि डीएनए जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

पूछताछ में बेटे ने बताई हादसे की कहानी : मामले की जांच के दौरान पुलिस ने उदयभान के बेटे नितिन बुंदेला को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने बताया कि खेत पर ट्रैक्टर में कल्टीवेटर जोड़ने के दौरान मशीन का हिस्सा अचानक अलग हो गया, जिससे भारी उपकरण उदयभान के ऊपर गिर गया। इस हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घबराहट में शव सुनसान स्थान पर छोड़ने का दावा : पूछताछ में युवक ने यह भी बताया कि हादसे के बाद वह घबरा गया था। उसने किसी को घटना की जानकारी नहीं दी और शव को कनपुरा पुलिया के पास सुनसान स्थान पर छोड़ आया। बाद में गांव और परिजनों को यह कहकर गुमराह किया गया कि उसके पिता काम के सिलसिले में मुंबई चले गए हैं। इसी वजह से उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज नहीं कराई गई।

ग्रामीणों के संदेह के बाद शुरू हुई जांच : समय बीतने के बावजूद उदयभान से कोई संपर्क नहीं हो सका, जिससे ग्रामीणों को संदेह हुआ। मामला पुलिस तक पहुंचने पर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान रविवार को पुलिया के समीप मानव कंकाल बरामद किया गया, जिसके बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया।

डीएनए रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई : बड़ौनी थाना प्रभारी दिनेश राजपूत ने बताया कि बरामद कंकाल की पहचान सुनिश्चित करने के लिए डीएनए परीक्षण कराया जाएगा। फिलहाल नितिन बुंदेला से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि डीएनए रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter