मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नीमच की ग्रीनको परियोजना का किया हवाई निरीक्षण, 11,470 करोड़ के ऊर्जा प्रोजेक्ट की प्रगति परखी

नीमच। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को नीमच जिले में विकसित हो रहे 500 मेगावाट सोलर पार्क और गांधीसागर पम्प स्टोरेज परियोजना का हवाई सर्वे कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को परियोजना की तकनीकी विशेषताओं, निर्माण की वर्तमान स्थिति और भविष्य की ऊर्जा क्षमता से संबंधित विस्तृत प्रस्तुति दी।

करीब 11,470 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जा रही ग्रीनको गांधीसागर पम्प स्टोरेज परियोजना की कुल क्षमता 1920 मेगावाट होगी। परियोजना के पूरा होने के बाद इसकी 10,326 मेगावाट प्रति घंटा ऊर्जा भंडारण क्षमता प्रदेश की बिजली व्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना मध्यप्रदेश को हरित ऊर्जा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के साथ ऊर्जा सुरक्षा को भी मजबूत करेगी।

परियोजना में गांधीसागर के मौजूदा जलाशय और खिमला में बनाए जा रहे ऊपरी जलाशय का उपयोग पम्प स्टोरेज तकनीक के माध्यम से बिजली उत्पादन के लिए किया जाएगा। इस तकनीक में पानी का पुनः उपयोग किया जाता है, जिससे अतिरिक्त जल की आवश्यकता बेहद कम रहती है और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है। परियोजना में 240 मेगावाट की सात और 120 मेगावाट की दो द्वि-दिशात्मक टर्बाइन इकाइयां स्थापित की जा रही हैं।

निर्माण कार्य के दौरान ग्राम खिमला में प्रतिदिन तीन हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिल रहा है। परियोजना के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में औद्योगिक निवेश, रोजगार के अवसर और स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को नई गति मिलने की उम्मीद है।

निरीक्षण के दौरान केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी, प्रदेश के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, ग्रीनको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक माधव मारू, अपर मुख्य सचिव मनु श्रीवास्तव, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा सहित जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter