पन्ना में 10 लाख की फिरौती के लिए युवक का अपहरण, पूरी रात चले सर्च ऑपरेशन के बाद पुलिस ने छुड़ाया

पन्ना। पन्ना जिले में फिरौती के लिए किए गए अपहरण के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 20 वर्षीय अंशुल उर्फ कान्हा डेंगरे को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने मामले में शामिल आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 27 जून की रात थाना पवई क्षेत्र से सूचना मिली थी कि स्थानीय कपड़ा व्यापारी राजेश कुमार डेंगरे के पुत्र अंशुल उर्फ कान्हा का अज्ञात बदमाशों ने अपहरण कर लिया है। आरोपियों ने युवक की रिहाई के बदले 10 लाख रुपये की फिरौती की मांग की थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष जांच शुरू कर दी।

पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया, जबकि साइबर सेल को भी तकनीकी साक्ष्य जुटाने के लिए सक्रिय किया गया। मोबाइल लोकेशन, डिजिटल इनपुट और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने संभावित स्थानों पर लगातार तलाश अभियान चलाया।

लगातार बारिश, घने जंगल और दुर्गम रास्तों जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद पुलिस टीम ने पूरी रात सर्च ऑपरेशन जारी रखा। इसी अभियान के दौरान हथकुरी के पास जंगल क्षेत्र से अंशुल उर्फ कान्हा को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। हालांकि पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जारी है।

 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter