दतिया | कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित हड़ा पहाड़ के पास एक सड़क हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद वह पूरी रात सड़क किनारे बेहोशी की हालत में पड़ा रहा। मंगलवार सुबह वहां से गुजर रहे राहगीरों की नजर उस पर पड़ी, जिन्होंने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
आधार कार्ड से हुई युवक की पहचान : पुलिस के अनुसार घायल युवक की पहचान उसकी जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर राधे मोगिया के रूप में हुई। वह ग्राम सहदौरा का निवासी है और वर्तमान में प्रकाश नगर, बजानी रोड, दतिया में रह रहा है।
गांव से लौटते समय हुआ हादसा : प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राधे मोगिया सोमवार को कृषि कार्य के सिलसिले में अपने गांव सहदौरा गया था। देर रात बाइक से दतिया लौटते समय हड़ा पहाड़ के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद वह सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ा रहा और रातभर किसी राहगीर की नजर उस पर नहीं पड़ी।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस : घटना की सूचना मिलते ही परिजनों को अवगत करा दिया गया। वहीं कोतवाली पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। दुर्घटना की सच्चाई सामने लाने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। इसके अलावा अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं, ताकि वाहन और चालक की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।

