जनसांख्यिकीय बदलावों पर केंद्र सरकार सक्रिय: अमित शाह से हाई लेवल कमेटी की बैठक, राज्यों के दौरे का रोडमैप तैयार

नई दिल्ली | देश में अवैध प्रवास और अन्य असामान्य कारणों से हो रहे जनसांख्यिकीय बदलावों के अध्ययन के लिए गठित हाई लेवल कमेटी ऑन डेमोग्राफिक चेंजेज ने बुधवार को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से उनके नई दिल्ली स्थित आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान समिति ने अपनी कार्ययोजना से गृह मंत्री को अवगत कराया और आगामी रणनीति पर चर्चा की।

राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का करेगी दौरा : समिति ने गृह मंत्री को बताया कि वह देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का दौरा कर जमीनी स्तर पर जानकारी जुटाएगी। इसके अलावा केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों से भी चर्चा कर जनसंख्या में हो रहे बदलावों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर फीडबैक लिया जाएगा, ताकि अध्ययन अधिक व्यापक और तथ्यात्मक हो सके।

पहले से तैयार की गई विस्तृत प्रश्नावली : समिति ने जानकारी दी कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ संवाद को अधिक प्रभावी बनाने के लिए एक विस्तृत प्रश्नावली तैयार की गई है। इसके माध्यम से दौरे से पहले ही आवश्यक जानकारियां प्राप्त की जाएंगी, जिससे अध्ययन और संवाद अधिक सार्थक एवं व्यवस्थित हो सके।

गृह मंत्री ने जल्द रिपोर्ट देने का दिया सुझाव : बैठक के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने समिति की कार्ययोजना की सराहना करते हुए गृह सचिव को निर्देश दिए कि समिति को उसके कार्यों और दौरों के दौरान हरसंभव प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने समिति से अपनी सिफारिशें जल्द से जल्द सरकार को सौंपने का भी आग्रह किया।

प्रधानमंत्री की घोषणा के बाद हुआ था समिति का गठन : गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त 2025 को “हाई-पावर्ड डेमोग्राफी मिशन” की घोषणा की थी। इसके बाद केंद्र सरकार ने देश में अवैध प्रवास और अन्य असामान्य कारणों से होने वाले जनसांख्यिकीय बदलावों का अध्ययन करने तथा उनसे निपटने के लिए आवश्यक नीतिगत, विधायी और प्रशासनिक उपाय सुझाने के उद्देश्य से इस उच्च स्तरीय समिति का गठन किया।

ये हैं समिति के सदस्य
समिति की अध्यक्षता सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति प्रकाश प्रभाकर नावलेकर कर रहे हैं। इसके अलावा दुर्गा शंकर मिश्रा (सेवानिवृत्त आईएएस), बालाजी श्रीवास्तव (सेवानिवृत्त आईपीएस), डॉ. शमिका रवि तथा भारत के जनगणना आयुक्त समिति के सदस्य हैं। समिति देश के विभिन्न क्षेत्रों में जनसांख्यिकीय बदलावों का वैज्ञानिक मूल्यांकन कर सरकार को आवश्यक सिफारिशें प्रस्तुत करेगी।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter