रीवा पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 10 करोड़ रुपये की एमडी ड्रग्स जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार; 15 जुलाई से शुरू होगा ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान

रीवा/भोपाल | मध्यप्रदेश में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में रीवा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 3.087 किलोग्राम एमडी (MD) ड्रग्स बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 10 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई : पुलिस को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति भारी मात्रा में प्रतिबंधित मादक पदार्थ लेकर बिक्री के उद्देश्य से आने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 3.087 किलोग्राम एमडी ड्रग्स और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।

‘ऑपरेशन प्रहार 2.0’ के तहत मिली सफलता : पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई जिले में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार 2.0’ अभियान के तहत की गई है। अभियान का उद्देश्य प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन और अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाना है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

15 जुलाई से चलेगा राज्यव्यापी जनजागरूकता अभियान : अवैध नशे के कारोबार पर कार्रवाई के साथ-साथ मध्यप्रदेश पुलिस युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए 15 जुलाई से ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान शुरू करेगी। इस अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सामाजिक संगठनों और अन्य विभागों के सहयोग से लोगों को नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित किया जाएगा।

नशे के कारोबार पर जारी रहेगी सख्ती : मध्यप्रदेश पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में मादक पदार्थों के अवैध निर्माण, तस्करी और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ-साथ जनजागरूकता बढ़ाकर नशामुक्त और सुरक्षित मध्यप्रदेश बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter