रायपुर | छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर ने शहरी स्वच्छता को डिजिटल तकनीक से जोड़ते हुए एक नई पहल की है। रायपुर नगर निगम ने डिजिटल फीकल स्लज मैनेजमेंट (FSM) डैशबोर्ड शुरू किया है, जिससे नागरिक अब सेप्टिक टैंक की सफाई जैसी सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। यह पहल स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के तहत शहर में पारदर्शी, तेज और तकनीक आधारित सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
मध्य भारत का पहला शहर बना रायपुर : रायपुर नगर निगम इस डिजिटल व्यवस्था को लागू करने वाला मध्य भारत का पहला शहरी निकाय बन गया है। यह सिस्टम आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय (MoHUA), नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ अर्बन अफेयर्स (NIUA) और राष्ट्रीय शहरी डिजिटल मिशन (NUDM) के UPYOG प्लेटफॉर्म पर विकसित किया गया है। इसके तकनीकी विकास में यूनिसेफ और तकनीकी विशेषज्ञ संस्थाओं का सहयोग भी मिला है।
घर बैठे होगी ऑनलाइन बुकिंग और भुगतान : नई डिजिटल व्यवस्था के तहत नागरिक मोबाइल नंबर या प्रॉपर्टी आईडी के माध्यम से कुछ ही मिनटों में सेप्टिक टैंक सफाई की ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे। आवेदन के साथ ऑनलाइन भुगतान और स्वचालित स्वीकृति (ऑटो अप्रूवल) जैसी सुविधाओं से पूरी प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सरल, तेज और पारदर्शी हो गई है।
रियल-टाइम मॉनिटरिंग से बढ़ेगी जवाबदेही : डैशबोर्ड के जरिए सफाई कार्य की रियल-टाइम निगरानी की जा सकेगी। सफाई वाहन चालक कार्य पूरा होने के बाद फोटो अपलोड करेंगे, जिससे सेवा का सत्यापन होगा। इससे नगर निगम को संसाधनों का बेहतर प्रबंधन, वाहनों की निगरानी और भविष्य की योजनाओं के लिए सटीक डेटा उपलब्ध होगा।
सफाईमित्रों की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान : इस डिजिटल सिस्टम का उद्देश्य केवल सेवाओं को आसान बनाना ही नहीं, बल्कि सफाईमित्रों की सुरक्षा को भी प्राथमिकता देना है। मशीनों के उपयोग को बढ़ावा देकर मैनुअल सीवर सफाई को कम किया जाएगा, जिससे जोखिमपूर्ण कार्यों में कमी आएगी और सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित होगा।

