दतिया | दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी तैयारियों को और तेज कर दिया है। गुरुवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित विभिन्न संगठनात्मक कार्यक्रमों के दौरान पूर्व गृह मंत्री एवं भाजपा प्रत्याशी डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समाज के प्रतिनिधियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर चुनावी अभियान को गति देने पर विशेष जोर दिया।
कार्यकर्ताओं से किया संवाद, संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान : भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित कोर कमेटी की बैठक में डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने संवाद के दौरान कहा कि “कार्यकर्ताओं के लिए जान भी न्योछावर है” और संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान एवं योगदान भाजपा की सबसे बड़ी पूंजी है। बैठक में आगामी चुनावी कार्यक्रमों, बूथ स्तर की तैयारियों और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।
मातृशक्ति और युवाओं ने ग्रहण की भाजपा की सदस्यता : कार्यक्रम के दौरान दतिया की कई महिलाओं और युवाओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी नेताओं ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। इस अवसर पर केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और संगठन के सेवा कार्यों का भी उल्लेख किया गया।
रावत क्षत्रिय समाज सम्मेलन में भी हुए शामिल : गुरुवार को डॉ. नरोत्तम मिश्रा भाजपा कार्यालय में आयोजित रावत क्षत्रिय समाज सम्मेलन में भी शामिल हुए। सम्मेलन में समाज के वरिष्ठजनों एवं भाजपा पदाधिकारियों की मौजूदगी में सामाजिक समरसता, जनभागीदारी और विकास जैसे विषयों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने समाज की भागीदारी और संगठनात्मक एकजुटता पर अपने विचार रखे।
चुनावी गतिविधियां हुईं तेज : दतिया विधानसभा उपचुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद जिले में राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज हो रही हैं। प्रमुख राजनीतिक दल बैठकों, सदस्यता अभियानों, सामाजिक सम्मेलनों और जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से चुनावी तैयारियों को धार देने में जुटे हैं। आगामी दिनों में विभिन्न दलों के प्रचार अभियान और संगठनात्मक गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है।

