दतिया : BJP कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के बाद जिले में धारा 163 लागू, नरोत्तम ने शांति बनाए रखने की अपील !

दतिया | दतिया विधानसभा उपचुनाव के बीच शनिवार को जिले में राजनीतिक माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के समर्थन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता विरोध-प्रदर्शन पर उतर आए।

देर रात से शुरू हुआ प्रदर्शन शनिवार सुबह तक जारी रहा। इस दौरान चक्काजाम, नारेबाजी और पुलिस के साथ झड़प जैसी स्थिति भी सामने आई। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने पूरे जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू कर दी।

बिना अनुमति धरना, जुलूस और सार्वजनिक कार्यक्रमों पर रोक : प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले में बिना अनुमति किसी भी प्रकार के धरना-प्रदर्शन, सभा, जुलूस एवं सार्वजनिक आयोजन पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके साथ ही चार या उससे अधिक लोगों के एक स्थान पर एकत्र होने पर भी रोक लगाई गई है। प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह कदम उठाया है।

हाईवे खाली कराने पहुंचा प्रशासन, पथराव के बाद छोड़े गए आंसू गैस के गोले : शनिवार सुबह अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं से झांसी-ग्वालियर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) खाली करने की अपील की। अधिकारियों द्वारा कई दौर की समझाइश दी गई, लेकिन प्रदर्शनकारी सड़क से हटने को तैयार नहीं हुए।

 

इसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव बढ़ गया और पथराव की घटना हुई। स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े।

एसपी सहित कई पुलिसकर्मी घायल : घटनाक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी सहित कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। वहीं प्रदर्शन में शामिल कुछ कार्यकर्ताओं को भी चोटें आने की सूचना है। घायलों का उपचार कराया गया तथा संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

भाजपा कार्यालय के बाहर सुरक्षा बढ़ाई गई : घटना के बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भाजपा जिला कार्यालय पहुंच गए। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने कार्यालय के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी और पूरे क्षेत्र की निगरानी बढ़ा दी। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

कलेक्टर ने शांति बनाए रखने की अपील की : जिला प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। कलेक्टर ने कहा कि जिले में शांति बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है तथा किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने लोगों से सहयोग करने और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करने का आग्रह किया।

दतिया विधानसभा उपचुनाव के बीच हुए इस घटनाक्रम के बाद जिले की राजनीतिक गतिविधियां और तेज हो गई हैं। प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है, जबकि विभिन्न राजनीतिक दल भी बदलते घटनाक्रम के बीच अपनी रणनीति पर लगातार मंथन कर रहे हैं।

नरोत्तम ने शांति बनाए रखने की अपील : पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने अपने समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की है। साथ ही उन्होंने उन कार्यकर्ताओं से भी भावुक आग्रह किया, जिन्होंने विरोध के दौरान स्वयं पर पेट्रोल डालने की कोशिश की थी।

डॉ. मिश्रा ने कहा कि ऐसा कोई कदम न उठाएं, जिससे किसी भी कार्यकर्ता की जान-माल को नुकसान पहुंचे। उन्होंने सभी से संयम बनाए रखने और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने का आग्रह किया।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter