भोपाल। इटली के लोनाटो में आयोजित ISSF वर्ल्ड कप शॉटगन 2026 में मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग शॉटगन अकादमी की खिलाड़ी नीरू ढांडा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया है।
वहीं अकादमी की दूसरी खिलाड़ी मनीषा ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में शीर्ष-10 में जगह बनाई। दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से प्रदेश और देश का गौरव अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ा है।
विश्व मंच पर दिखाया दम
3 से 13 जुलाई 2026 तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में दुनिया के कई देशों के शीर्ष निशानेबाजों ने हिस्सा लिया।
कड़े मुकाबले के बीच नीरू ढांडा ने बेहतरीन निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर भारत का नाम रोशन किया। वहीं मनीषा ने भी लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष-10 में स्थान हासिल किया।
मध्यप्रदेश के लिए गौरव का क्षण
मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग शॉटगन अकादमी की इस सफलता को प्रदेश की खेल प्रतिभाओं और प्रशिक्षण व्यवस्था की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
खिलाड़ियों की मेहनत और अकादमी में दिए जा रहे उच्च स्तरीय प्रशिक्षण का परिणाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देखने को मिला है।
खेल मंत्री ने दी शुभकामनाएं
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने नीरू ढांडा को स्वर्ण पदक जीतने और मनीषा को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी।
उन्होंने कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से मध्यप्रदेश और देश का सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भी दोनों खिलाड़ी भारत के लिए नए कीर्तिमान स्थापित करेंगी।

