भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने शाजापुर जिले में एक बड़ी डकैती की वारदात को समय रहते विफल कर दिया है। मक्सी थाना पुलिस ने पेट्रोल पंप पर डकैती की तैयारी कर रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से लूट का सोना-चांदी, डकैती में इस्तेमाल की जाने वाली कार, गैस कटर और अन्य सामान सहित करीब 16 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला के निर्देशन में मक्सी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि मक्सी बायपास स्थित एबी रोड ब्रिज के नीचे कुछ बदमाश एक पेट्रोल पंप पर डकैती की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे और गिलोल से पत्थर चलाकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इसी दौरान एक आरोपी ने स्क्रू-ड्राइवर से आरक्षक चंद्रशेखर जाट पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। बावजूद इसके पुलिस ने साहस और तत्परता दिखाते हुए सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में खुला पुरानी लूट का राज
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने 20 जून को हुई एक लूट की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने सिरोलिया के जंगल से करीब 4 लाख 50 हजार रुपये मूल्य के लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए। इसके अलावा डकैती की तैयारी में इस्तेमाल की जाने वाली कार, गैस कटर और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए।

